पहले पुलिस का एनकाउंटर होता था, अब बदमाशों का: सुनील
राज्य मंत्री श्रम कल्याण परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पंडित सुनील भराला ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पर अंगुली उठाने वाले अपने गिरेबान में झांके। आज बदमाशों का एनकाउंटर हो रहा है पहले पुलिस का एनकाउंटर होता था।
बागपत, जेएनएन : श्रमिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला ने कहा कि कानून व्यवस्था पर उंगली उठा रहा विपक्ष अपने समय की सरकारों पर गौर करे, जब गुंडे, बदमाश पुलिसकर्मियों को ही निशाना बनाते थे। सीओ तक को मार दिया गया। उस समय पुलिसकर्मियों का लेकिन आज बदमाशों का एनकाउंटर हो रहा है।
शनिवार को इदरीशपुर गांव में एक शादी समारोह में पहुंचे सुनील भराला ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हैदराबाद दुष्कर्म कांड निंदनीय है, लेकिन पुलिस ने जो किया, वह सराहनीय कदम है। उन्नाव की घटना को लेकर भी प्रदेश सरकार गंभीर है। अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे।
उन्होंने कहा, लोकतंत्र में सभी को अपनी आवाज उठाने का हक है। उन्नाव मामले में प्रियंका गांधी पीड़ितों से मिल रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने धरना दिया तो बसपा सुप्रीमो राज्यपाल से मिलने गई है।
एक सवाल के जवाब में कहा कि हिदू समाज में हम दो-हमारे दो नहीं बल्कि हम दो-हमारे एक चल रहा है जबकि हम दो-हमारे पांच होने चाहिए। संप्रदाय विशेष को लेकर इस पर विचार करना जरूरी हो गया है। जनता ही जनसंख्या कानून की मांग उठा रही है। तीन बच्चों से अधिक वालों की सरकारी सुविधाएं रोकी जाएं।
इस दौरान ग्राम प्रधान रामनाथ पंवार, जनमेजय, सुभाष, सत्य नारायन शर्मा, विक्रम राठी, ऋषिपाल सिंह, नरेश आदि मौजूद रहे।