डीएम ने लगाई अफसरों को फटकार, बोलीं- चलाओ चीनी मिल
सहकारी चीनी मिल रमाला में खराबी को देखते हुए आक्रोशित किसान आंदोलन पर उतारू हो रहे हैं। इसी को देखते ही डीएम और एसपी रमाला सहकारी चीनी मिल पहुंचे और उत्तम ग्रुप के अधिकारियों को किसानों के बीच बुलाकर फटकार लगाते हुए कहा कि चीनी मिल की खराबी क्यों दूर नहीं की जा रही है।
बागपत, जेएनएन। सहकारी चीनी मिल रमाला में खराबी को देखते हुए आक्रोशित किसान आंदोलन पर उतारू हो रहे हैं। इसी को देखते ही डीएम और एसपी रमाला सहकारी चीनी मिल पहुंचे और उत्तम ग्रुप के अधिकारियों को किसानों के बीच बुलाकर फटकार लगाते हुए कहा कि चीनी मिल की खराबी क्यों दूर नहीं की जा रही है। डीएम ने कहा कि कुछ भी हो, चीनी मिल हर हाल में चलाई जाए।
विस्तारीकरण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चार नवंबर को सहकारी चीनी मिल रमाला में पेराई सत्र का शुभारंभ किया था, लेकिन उसके बाद से ही मिल की टरबाइन में दिक्कत आ रही है, जिससे मिल नहीं चल रही है। आक्रोशित किसान आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं। बुधवार को डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र चीनी मिल में पहुंचे और चीनी मिल का निरीक्षण करने के बाद मिल के प्रधान प्रबंधक प्रबुद््ध चौबे से जानकारी ली।
दोनों अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनी। डीएम ने किसानों के बीच उत्तम ग्रुप के अधिकारियों को बुलाया और सख्त नाराजगी जताते हुए पूछा कि चीनी मिल में आई खराबी क्यों नहीं दूर की जा रही है। मिल हर हाल में चले टरबाइन से चले या बिजली खरीदकर। किसान परेशान नहीं होने चाहिए। उत्तम ग्रुप के उपाध्यक्ष हरनाम सिंह ने कहा कि टरबाइन के दो बियरिग खराब हो गए हैं। मरम्मत के लिए इंजीनियर लगे हैं। 16 नवंबर तक मिल पूर्ण क्षमता के साथ चलेगी। जबकि अब मिल को आधी क्षमता पर बाहर से बिजली खरीद कर चलाया जा रहा है। प्रबुध चौबे ने कहा कि बुधवार को 40000 कुंतल गन्ने का इंडेट जारी किया है जल्द ही मिल पूर्ण क्षमता के साथ चलेगी। उधर, किसानों ने पंचायत के बाद चेतावनी दी है कि यदि समय रहते चीनी मिल नहीं चली तो बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।