सरूरपुर में ईंट भट्ठे पर पथराव, तीन भाई घायल
सरूरपुर गांव में मामूली विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पथराव किया। इसमें कई लोग घायल हो गये।
जेएनएन, बागपत : सरूरपुर गांव में मामूली विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पथराव किया। इससे भगदड़ मच गई। हमले में तीन लोग घायल हुए। घटना की पुलिस को तहरीर दी गई है।
व्यक्ति रफीक ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ ईंट भट्ठे पर काम करता है। उनका भट्ठे पर काम करने वाले दूसरे मजदूर से शनिवार सुबह किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। भट्ठे के मुनीम ने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों का सुलह समझौता करा दिया था। उसका परिवार भट्ठे पर काम करने लग गया था। आरोप है कि थोड़ी देर बाद ही विपक्षी मजदूर ने 10-12 लोगों के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए उन पर पथराव किया। उसके तीन बेटे सोनू, काला और नसीम घायल हुए। कई लोगों ने तो इधर-उधर दौड़कर अपनी जान बचाई। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया तथा घटना की पुलिस से शिकायत की।
उधर, सरूरपुर चौकी प्रभारी सचिन कुमार का कहना है कि भट्ठा मजदूरों के बीच झगड़ा हुआ है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
बच्ची से दुष्कर्म का आरोपित चाचा गिरफ्तार
बागपत : बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पांच वर्षीय बच्ची के साथ पौने दो माह पूर्व चाचा ने दुष्कर्म किया था। बच्ची व उसकी मां को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। शनिवार को शिकायत मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित युवक को गिरफ्तार किया।
बच्ची की मां ने बताया कि उसकी पांच साल की बेटी गत 29 मार्च को दुल्हेंडी के पर्व पर घर पर अकेली थी। इसी दौरान बच्ची को उसका चाचा खाने का सामान दिलाने के बहाने से अपने साथ सुनसान स्थान पर ले गया था। जहां पर आरोपित युवक ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। उसने आरोपित युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। धमकी दी थी कि किसी के सामने घटना का जिक्र किया तो जान से मार दिया जाएगा। करीब एक माह तक उनको मकान में बाहर नहीं निकलने दिया। वह किसी तरह अपनी बेटी को साथ लेकर मेरठ के सरधना क्षेत्र में अपने मायके पहुंची और स्वजन को घटना से अवगत कराया। बच्ची को लेकर लोग शनिवार को कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी।
उधर, कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची का अस्पताल में मेडिकल कराकर अदालत में बयान दर्ज कराए जाएंगे।