कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर को लक्ष्मण अवार्ड मिलने से मलकपुर में जश्न
मलकपुर गांव के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर को लक्ष्मण अवार्ड से नवाजे जाने पर खुशी है।
बागपत, जेएनएन। मलकपुर गांव के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर को लक्ष्मण अवार्ड से नवाजे जाने पर गांव में जश्न का माहौल है। उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
टीम इंडिया के शानदार कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर नौसेना में सीपीओ हैं, जो फिलहाल मुंबई में तैनात हैं। नितिन ने फोन पर बताया कि उनका चयन लक्ष्मण अवार्ड के लिए हुआ है। 2016 में कबड्डी का वर्ल्ड कप जीतने वाले भारतीय टीम का हिस्सा रहे नितिन तोमर कबड्डी के सबसे बेहतरीन डिफेंडर में गिने जाते हैं। 26 वर्षीय नितिन तोमर प्रो. कबड्डी में भी सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ियों में शीर्ष स्थान रहे। उनकी तेजी और चपलता को देख लोग उन्हें ''''टोर्नेडो तोमर'''' भी कहते हैं। बचपन से ही कबड्डी के शौकीन रहे नितिन तोमर ने स्कूल, जिला, प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व किया। 2016 में अहमदाबाद में ईरान के साथ खेले गए वर्ल्डकप में नितिन का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्हे लक्ष्मण अवार्ड मिलने पर मलकपुर गांव में खुशी की लहर है। पिता जितेंद्र तोमर, पत्नी रूचि, रूपेश मलिक खुशी से गदगद हैं। दिव्यांग शूटर आकाश को लक्ष्मण अवार्ड मिलने से खुशी की लहर
खेड़की गांव का रहने वाले दिव्यांग शूटर आकाश को भी मुख्यमंत्री ने लक्ष्मण अवार्ड से नवाजा है। बड़ौत के शाहमल रायफल क्लब से निशानेबाजी के गुर सीखकर आकाश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उन्होंने राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्जनों पदक जीते आठ पदक जीते हैं। उन्होंने 2019 में आस्ट्रेलिया में वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल प्राप्त किया था। लक्ष्मण अवार्ड मिलने से उनके पिता सुभाष चंद और माता हरकली खुशी से गदगद हैं। उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा है।