सूरज निकलने से खिले चेहरे..
कई दिनों से ठंड कहर बरपाने में कसर नहीं छोड़ रही है। शुक्रवार को दिनभर धूप खिलने से लोगों के चेहरे खिल दिखे क्योंकि ठंड बाकी दिनों से कम रही। न्यूनतम तापमान छह तथा अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन धूप खिलने लोगों पर ठिठुरन की मार ज्यादा नहीं पड़ी।

बागपत, जेएनएन। कई दिनों से ठंड कहर बरपाने में कसर नहीं छोड़ रही है। शुक्रवार को दिनभर धूप खिलने से लोगों के चेहरे खिल दिखे क्योंकि ठंड बाकी दिनों से कम रही। न्यूनतम तापमान छह तथा अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन धूप खिलने लोगों पर ठिठुरन की मार ज्यादा नहीं पड़ी।
घरों से लेकर सरकारी कार्यालयों तक में लोग धूप को सेकते रहे। धूप निकलने से पशुओं को काफी राहत मिली। दिन छिपने के बाद अवश्य ठंड कुछ बढ़ गई। अधिकांश अलाव अब कागजों में जल रहे हैं जिससे लोग परेशान हैं। हवा की सेहत कुछ खराब हुई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स 172 रहा है। बारिश के बाद हवा से सरसों की फसल को नुकसान
खेकड़ा : दो दिन पूर्व कई दिन लगातार बारिश हुई। गुरुवार को तेज हवा भी चली। इससे खेत में खड़ी सरसों की फसल गिर गई। सरसों के साथ अन्य फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। किसानों के चेहरे पर मायूसी नुकसान को देखकर छाई हुई है। किसान प्रमोद, नीरज, राहुल, राजपाल, सतपाल का कहना है कि पहले ही गन्ना फसल खेत में खड़े होने से गेहूं की समय पर बुआई नहीं हो सकी है। कुछ हिस्से में सरसों की फसल खड़ी थी। पूर्व की बारिश से जो नुकसान होने से बचा था वह इस बार हुई बारिश के बाद चली हवा ने कर दिया है। फसल खेत में गिर गई है जिससे काफी नुकसान हो गया है। सरसों के अलावा आलू व अन्य फसल को भी बारिश के कारण नुकसान होगा। वहीं शुक्रवार को निकली तेज धूप से लोगों ने सर्दी से काफी राहत महसूस की। लोग दिन भी धूप में बैठे नजर आए।
Edited By Jagran