बारिश से मलकपुर और रमाला चीनी मिल हुईं नो केन
भारी बारिश के कारण देर रात मलकपुर चीनी मिल और सहकारी चीनी मिल रमाला नो केन हो गई जिसके बाद दोनों चीनी मिलों को बंद करना पड़ा। चीनी मिलों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
बागपत, जेएनएन। भारी बारिश के कारण देर रात मलकपुर चीनी मिल और सहकारी चीनी मिल रमाला नो केन हो गई, जिसके बाद दोनों चीनी मिलों को बंद करना पड़ा। चीनी मिलों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। चीनी मिल में गन्ना आपूर्ति होने पर ही मिलों को चलाया जाएगा।
दो दिन बारिश के कारण मलकपुर चीनी मिल और सहकारी चीनी मिल रमाला में किसान गन्ने की बुग्गी लेकर नहीं पहुंचे, जिसके बाद शुक्रवार की देर रात दोनों चीनी मिल नो केन हो गई। गुरुवार से लगातार बारिश शुरु हो गई। किसान क्रय केंद्रों से भी गन्ना मिल में नहीं पहुंचे। चीनी मिल में गन्ना आने के बाद ही चीनी मिल को चलाया जाएगा। मलकपुर चीनी मिल के यूनिट हेड विपिन चौधरी ने बताया कि बारिश के कारण चीनी मिल में गन्ना नहीं आया है क्रय केंद्रों पर पानी भरा हुआ है और बारिश के कारण वहां भी गन्ना नहीं आ रहा है। सहकारी रमाला चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक प्रबुद्ध चौबे ने बताया कि चीनी मिल अब पूरी क्षमता से चल रही थी। बारिश के कारण गन्ना आपूर्ति न होने से मिल नो केन हो गई। दोनों ही चीनी मिलों के क्रय केंद्रों पर बहुतायात में गन्ना पड़ा है। भरा हैं क्रय केंद्रों में पानी
दाहा : दो दिन हुई बारिश के कारण गन्ना क्रय केंद्रों पर पानी भरा हुआ है, जिसके कारण क्रय केंद्रों पर तौल नहीं हो सकी। भैसाना, किनौली, दौराला, खतौली, मलकपुर, रमाला आदि गन्ना मिलों के क्रय केंद्रों पर पानी भरा होने के कारण दूसरे दिन भी तौल नहीं हो पाई है। किसानों के अनुसार तौल न होने के कारण उनके खेतों में खड़े गन्ने की समय पर कटाई नहीं हो पाएगी। इसी कारण गेहूं, जौ, जई आदि की फसल बुआई प्रभावित होगी।