दिल्ली बंद से घटे ईपीई और एनएच पर वाहन
दिल्ली में लाकडाउन के कारण बागपत में ईपीई और एनएच पर वाहनों की संया में काफी गिरावट आई है।
बागपत, जेएनएन। दिल्ली में लाकडाउन के कारण बागपत में ईपीई और एनएच पर वाहनों की संख्या में काफी गिरावट आई है। सर्वाधिक व्यस्त रहने वाले दोनों की मार्ग पर पहले की अपेक्षा एक तिहाई वाहन दौड़ते दिखे।
हरियाणा के सिघु बार्डर जाम होने से दिल्ली से अन्य प्रदेशों में आवागमन करने वाले वाहन बागपत से गुजरते थे। इससे दिल्ली यमुनोत्री एनएच पर हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती थी। कोरोना संक्रमण बढ़ने पर दो दिन से दिल्ली में लाकडाउन लगा है तो ऐसे में बाहरी प्रदेश से कोई भी वाहन प्रवेश नहीं कर सकता है। इससे एनएच के साथ ईपीई पर भी वाहनों की संख्या घटी है। दिल्ली में रोजाना कितना ट्रैफिक रहता था यह लाकडाउन के बाद बागपत एनएच पर दिखी वाहनों की संख्या से लगाया जा सकता है। दिल्ली में लाकडाउन लगने से पहले दौड़ने वाले वाहनों के सापेक्ष बुधवार को एनएच व ईपीई पर एक तिहाई ही वाहन दौड़ते दिखे। ईपीई टोल बूथ कर्मचारियों की मानें तो पहले अगर एक हजार वाहन रोजाना निकल रहे थे तो बुधवार के संख्या 300 के आसपास रही।
आसमान भी दिखा साफ
दो दिन से दिल्ली एनएच व ईपीई पर वाहनों की संख्या में गिरावट होने से प्रदूषण भी कम हो रहा है। मंगलवार की रात में हल्की बारिश व वाहनों के पहिया थमने से बुधवार को आसमान साफ दिखा। लोगों का कहना था कि वाहनों का धुआं व दिल्ली में कारखाने बंद होने के कारण प्रदूषण का लेबल भी घटा है, जिससे आसमान में पूर्व लाकडाउन की भांति चमक दिखाई देने लगी है।