आक्सीजन खत्म होने पर कोविड-19 अस्पताल में मचा हडकंप
आक्सीजन के संकट काल में खेकड़ा के कोविड-19 अस्पताल में उस दौरान हड़कंप मच गया।
बागपत, जेएनएन। आक्सीजन के संकट काल में खेकड़ा के कोविड-19 अस्पताल में उस दौरान हड़कंप मच गया जब रात के दो बजे आक्सीजन खत्म हो गई थी। कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी, जिसके बाद व्यवस्था कराई गई।
खेकड़ा के एल-2 अस्पताल में 46 कोरोना मरीज भर्ती है। इसमें कई लोगों की हालत गंभीर है। अधिकांश को आक्सीजन से उनकी सांसों को जोड़ा जा रहा है। रविवार की रात यहां रात के करीब दो बजे आक्सीजन कमी होने शुरू हो गई थी। इससे वहां मरीजों के साथ-साथ कर्मचारियों में हड़कंप मचना शुरू हो गया था। रात में उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। स्थिति से अवगत कराया गया। रातभर सांसे अटकी रही। रात में करीब तीन बजे सरूरपुर कलां एल-2 हास्पिटल से पांच आक्सीजन के सिलेंडरों को आनन-फानन में खेकड़ा में पहुंचाए गए है, जिसके बाद यहां कम होती जा रही आक्सीजन को काबू में किया गया। डिप्टी सीएमओ डा. यशवीर सिंह ने बताया कि जानकारी मिलते ही कुछ ही देर में खेकड़ा में आक्सीजन की व्यवस्था करा दी गई थी। यहां भर्ती मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी। जो सिलेंडर खाली हो गए थे, उन्हें फिर से भरवा दिया गया है। कोरोना की दहशत के बीच 2804 लोगों ने किया टीकाकरण
लाकडाउन और कोरोना की दहशत के बीच सोमवार को लोग स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण कराने के लिए पहुंच रहे है। स्वास्थ्य विभाग ने 34 सत्र लगाकर लोगों को टीका लगाया है। 3400 का लक्ष्य था, लेकिन 2804 लोग ही टीका लगवाने के लिए पहुंचे है। सीएमओ डा. आरके टंडन ने बताया कि कोरोना का प्रकोप तेजी के साथ फैल रहा है। इस वायरस से बचाव केवल वैक्सीन है और दूसरा बचाव सावधानियां है। यह वजह है कि लोग टीका लगवाने पहुंच रहे है। सीएमओ ने बताया कि बागपत सीएचसी में 700 का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके सापेक्ष 583 को टीका लगा। बड़ौत सीएचसी में 600 के सापेक्ष 620, बिनौली सीएचसी में 600 के सापेक्ष 450, छपरौली सीएचसी में 500 के सापेक्ष 280, खेकड़ा सीएचसी में 400 के सापेक्ष 396 और पिलाना सीएचसी में 600 के सापेक्ष 475 लोगों को टीका लगाया गया है। सीएमओ ने अपील की है कि कोरोना का टीकाकरण जरूर कराए। यह वायरस से बचाव में काफी हद तक कारगर साबित हो रहा है।