सीएए प्रकरण : पुलिस सुरक्षा में हुई जुमा की नमाज
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के मद्देनजर पांचवे जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा में हुई। पुलिस हर गतिविधियों पर नजर लगाए रही। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी देश में अमन-चैन की दुआ की।
बागपत, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के मद्देनजर पांचवें जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा में हुई। पुलिस हर गतिविधि पर नजर लगाए रही। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी देश में अमन-चैन की दुआ की।
सीएए को लेकर पुलिस-प्रशासन बेहद सतर्क है। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, इसके लिए पहले से ही तैयारी शुरू कर दी जाती है। जनपद चार जोन और 16 सेक्टरों में बटा हुआ है। शुक्रवार सुबह ही प्रत्येक कर्मचारी अपने ड्यूटी प्वाईंट पर पहुंच गया था। नमाज के समय मस्जिदों के आसपास पुलिस व पीएसी का पहरा रहा। एएसपी अनिल सिंह सिसौदिया ने पुलिस बल के साथ पुराना कस्बा, निवाड़ा समेत कई स्थानों का भ्रमण किया और अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने होटल, ढाबों, धर्मशाला आदि स्थानों की चेकिग की। बाजारों व भीड़ वाले स्थानों पर सादी वर्दी में पुलिसवाले और खुफिया तंत्र मुस्तैद रहा। पूर्व में चिन्हित किए गए खुराफातियों पर पुलिस की विशेष नजर है। सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर है। उधर एएसपी का कहना है कि कड़ी सुरक्षा में जुमे की नमाज हुई। जनपद में अमन-चैन कायम है।