शोभायात्रा के बाद माता की प्रतिमाओं का किया विसर्जन
शारदीय नवरात्र के 10वें दिन विभिन्न पंडालों में स्थापित देवी की प्रतिमाओं को शोभायात्रा के बाद जल समाधि दी गई।
बागपत, जेएनएन। शारदीय नवरात्र के 10वें दिन विभिन्न पंडालों में स्थापित देवी की प्रतिमाओं को शोभायात्रा के बाद जल समाधि दी गई।
मंगलवार को माता की प्रतिमाओं को ट्रैक्टर-ट्रालियों में विराजमान कर शोभायात्रा के रूप में यमुना नदी के घाट पर ले जाया गया। शोभायात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया। बैंडबाजों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नाचते हुए चले। इससे माहौल भक्तिमय हो गया। उधर, फतेहपुर पुट्ठी में सकल वैश्य समाज समिति के तत्वाधान में नौ दिनों से स्थापित माता दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन बड़ी धूमधाम से किया गया। इस दौरान यज्ञ व भंडारे का आयोजन भी हुआ। इसके उपरांत मां दुर्गा की प्रतिमा को बैंडबाजों के साथ गांव में शोभायात्रा निकालते हुए विसर्जन के लिए ले जाया गया। इस मौके पर डॉ. राजीव गुप्ता, रूपचंद्र गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता, सोनू जैन, राजकुमार, प्रभाष, अनिल गोयल, पवन गोयल, संदीप, सतपाल, मंजू, आकाश आदि मौजूद रहे।