बागपत में 1.27 लाख वाहनों में लगेंगी हाई सिक्योरिटी प्लेट
सावधान! एआरटीओ दफ्तर में काम कराना है तो सबसे पहले वाहन पर हाई सिक्योरिट प्लेट लगवाना है।
बागपत, जेएनएन। सावधान! एआरटीओ दफ्तर में काम कराना है तो सबसे पहले वाहन पर हाई सिक्योरिटी प्लेट लगवानी होगी या इसका रजिस्ट्रेशन करना होगा, अन्यथा कोई काम नहीं होगा। बागपत में 1.27 लाख वाहनों में हाई सिक्योरिटी प्लेट लगनी है।
वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना जरूरी हो गया है। इस प्लेट को लगवाने के लिए वाहन स्वामियों को गत 30 नवंबर तक का समय दिया गया था। हिदायत दी गई थी कि उसके बाद बगैर हाई सिक्योरिटी प्लेट के एआरटीओ दफ्तर में कोई कार्य नहीं होगा, परंतु निर्धारित तिथि गुजर चुकी है, वाहनों में बहुत कम हाई सिक्योरिटी प्लेट लगी है। ऐसी स्थिति में प्रदेश सरकार ने वाहन स्वामियों को थोड़ी राहत दे दी है। एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि यदि हाई सिक्योरिटी प्लेट का रजिस्ट्रेशन कराया है तो वाहन संबंधित कार्य होंगे, अन्यथा नहीं। बागपत में पंजीकृत 1.27 वाहनों में हाई सिक्योरिटी प्लेट लगनी है। सिर्फ 400 वाहनों में लगी हाई सिक्योरिटी प्लेट
एआरटीओ ने बताया कि एक अप्रैल 2019 से वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगनी शुरू हुई थी। इस अवधि के बाद के नए पंजीकृत करीब साढ़े 18 हजार वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लग चुकी है। जबकि इस अवधि से पूर्व के पंजीकृत 1,27, 469 वाहनों में से सिर्फ 400 वाहनों में ही हाई सिक्योरिटी प्लेट लगी है। ऐसे लगेगी हाई सिक्योरिटी प्लेट
मोटर कंपनी के डीलर वाहनों में हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाते है। यदि किसी वाहन की कंपनी बंद हो गई है तो ऐसे वाहनों पर किसी भी मोटर कंपनी के डीलर से प्लेट लगवाई जा सकती है। इस प्लेट को सामान्य व्यक्ति वाहन पर न तो लगा सकता है और न ही उतार सकता है। ये काम नहीं होंगे हाई सिक्योरिटी प्लेट के रजिस्ट्रेशन के बगैर
एआरटीओ का कहना है कि वाहन पर हाई सिक्योरिटी प्लेट नहीं है या इसका रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया है तो वाहन का परमिट नहीं बनेगा। वाहन का पता परिवर्तन नहीं होगा। पुराने वाहन की बिक्री नहीं होगी। वाहन का ट्रांसफर व अन्य कार्य नहीं होंगे।