किसानों को धमकाती हरियाणा पुलिस वीडियो में कैद
टांडा गांव के किसानों ने बताया कि खोजकीपुर गांव के किसान बापौली पुलिस को कई बार खादर में लेकर आए।
बागपत, जेएनएन। टांडा गांव के किसानों ने बताया कि खोजकीपुर गांव के किसान बापौली पुलिस को कई बार लेकर यमुना खादर में आए और उनके साथ किसानों ने ही नहीं बल्कि बापौली पुलिस ने भी मारपीट की। एक सप्ताह पहले भी खोजकीपुर गांव के किसान बापौली पुलिस को लेकर आए थे। सूचना पर छपरौली पुलिस भी यमुना खादर में पहुंची थी। उस समय हरियाणा पुलिस ने खोजकीपुर गांव के किसानों के साथ मिलकर उन्हें धमकाया था। जेल भेजने तक की धमकी दी थी। इस दौरान छपरौली पुलिस मूकदर्शक बनी रही थी। टांडा गांव के किसानों ने इसका वीडियो भी बनाकर वायरल कर दिया था, जिसमें हरियाणा पुलिस टांडा गांव के किसानों को धमकाती हुई दिखाई दे रही है। हरियाणा पुलिस ने बागपत के किसानों के साथ भूमि पर कब्जा कराने को लेकर मारपीट की थी, इस बात को तो बागपत के अधिकारियों ने भी स्वीकार किया है। हालांकि अब डीएम ने स्पष्ट कर दिया है कि हरियाणा पुलिस सीधा आकर यमुना खादर में हस्तक्षेप न करे पहले उन्हें जानकारी दी जाए।
----
खेतों पर नहीं गए दहशतजदा किसान
यमुना खादर में हुए झगड़े के बाद टांडा गांव के किसान दहशत में हैं, चूंकि मारपीट की घटना में पांच किसान घायल हुए हैं और एक की हालत को अभी भी चिताजनक बनी हुई है। झगड़े के बाद टांडा गांव के किसान डर गए थे और इसलिए वह मंगलवार को अपने खेतों पर भी नहीं गए हैं। किसानों ने यमुना खादर में कुछ दिनों के लिए पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।