होली पर मारपीट से हरचंदपुर और सुन्हैड़ा गांव में तनाव
दुल्हैंडी के पर्व पर हुए झगड़े के बाद हरचंदपुर और सुन्हैंडा के कुछ लोगों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। दोनों पक्षों ने शुक्रवार को एसपी से शिकायत की है।
बागपत, जेएनएन। दुल्हैंडी के पर्व पर हुए झगड़े के बाद हरचंदपुर और सुन्हैड़ा के कुछ लोगों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। दोनों पक्षों ने शुक्रवार को एसपी से शिकायत की।
हरचंदपुर गांव के महावीर सिंह का कहना है कि उसका बेटा जोनी अपने साथी अनुज, विक्की, अंकित के साथ 10 मार्च को भट्ठे की ईंट पथेर की जमीन (पसार) पर होली खेल रहे थे। इसी दौरान सुन्हैड़ा गांव के कुछ लोग वहां पर पहुंचे और जोनी व उसके साथियों से हरचंदपुर से सिगरेट लाने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज, जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर हमला कर दिया था। जोनी व उसके साथियों ने वहां से भागकर जान बचाई थी। उसी दिन आरोपितों ने दोबारा हमला किया था। 12 मार्च को भी आरोपितों ने गांव में आकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर हवाई फायरिग भी किया था। आरोप है कि शुक्रवार को एसपी दफ्तर पर शिकायत करने पहुंचे तो आरोपितों ने उनके साथ झगड़ा किया। वहीं सुन्हैड़ा गांव के देवेंद्र का आरोप है कि उसके व साथियों पर हरचंदपुर गांव के लोगों ने पहले लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला किया, फिर पथराव व फायरिग की। उनकी किसी तरह जान बची।
एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने सीओ खेकड़ा को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।