कोहरे ने लगाए सड़क पर ब्रेक, रेंगकर चले वाहन
दिसंबर माह शुरू होते ही कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। रविवार की तड़के लोग जागे तो सड़कों पर उन्हें कोहरे से रू-ब-रू होना पड़ा। सड़कों पर वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए।
बागपत, जेएनएन। दिसंबर माह शुरू होते ही कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। रविवार की तड़के लोग जागे तो सड़कों पर उन्हें कोहरे से रू-ब-रू होना पड़ा। सड़कों पर वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए। कड़कड़ाती ठंड के कारण सुबह बाजारों में भी सन्नाटा सा दिखा।
मौसम में बढ़ रही ठंड एवं कोहरे के कारण वाहनों की स्पीड पर ब्रेक लगे रहे। कोहरे के कारण वाहन एक दूसरे के पीछे चलते मिले। सुशील कुमार, रहीस, सोनू, राजेश आदि वाहन चालकों ने बताया कि सुबह पांच बजे के बाद कोहरे की शुरुआत हुई। इससे पहले मौसम में कोहरा नहीं था। बाद में कोहरा इतना बढ़ गया कि सड़क पर वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया। वाहन रोककर कई बार शीशे साफ करने पड़े। बड़ौत-छपरौली, बड़ौत-मेरठ, बड़ौत-मुजफ्फरनगर, बड़ौत-अमीनगर आदि मार्गों पर कोहरे से लोगों को परेशानी हुई। बिनौली, दाहा, रमाला और छपरौली क्षेत्र में भी कोहरे से लोगों को परेशानी हुई।