यमुना खादर में नंगला बहलोलपुर के किसानों की गेहूं की फसल उजाड़ी
यमुना-खादर की भूमि को लेकर यूपी और हरियाणा के किसान आपस में भिड़ रहे।
बागपत, जेएनएन। यमुना-खादर की भूमि को लेकर यूपी और हरियाणा के किसान आपस में भिड़ रहे है। अब नंगला बहलोलपुर के किसानों की गेहूं की फसल को हरियाणा के खुर्रमपुर के किसानों ने ट्रैक्टर चलाकर उजाड़ दिया। तीन दिन पूर्व सरसों की फसल उजाड़कर किसानों पर जानलेवा हमला किया था। ग्राम नंगला बहलोलपुर के किसान मुकेश कुमार का कहना है कि उनकी यमुना खादर में जमीन है। मंगलवार सुबह उनकी गेहूं की करीब दस बीघा फसल को हरियाणा के खुर्रमपुर के किसानों ने ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। 28 नवंबर को खुर्रमपुर के किसानों ने उनकी सरसों की फसल पर ट्रैक्टर चलाना शुरू कर दिया था। विरोध किया तो आरोपितों ने उनके ताऊ सुरते और तहेरे भाई जगवीर और मनवीर पर हमला किया, जो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। फायरिग भी की गई थी। उधर बागपत कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही का कहना है कि झगड़ा हरियाणा में हुआ है। वहां की पुलिस ही कार्रवाई करेगी।
अब बागपत के अफसरों से करेंगे शिकायत
प ड़ित किसानों का कहना है कि सोनीपत का पुलिस-प्रशासन उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है। इस संबंध में बागपत के अफसरों से शिकायत की जाएगी। एक साल पूर्व भी हुआ था संघर्ष
गेहूं की फसल उजाड़ने को लेकर दोनों गांव के किसानों के बीच पिछले साल भी संघर्ष हुआ था। कुंडली थाने और बागपत कोतवाली में किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए थे, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ। किसानों का कहना है कि यह लगातार हो रहा है, सरकार को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। नहीं तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।