किसानों ने हाईवे पर किया 26 जनवरी की परेड का अभ्यास
शहर के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कृषि कानूनों के विरोध में चल रहा किसानों का धरना जारी रहा।
बागपत, जेएनएन। शहर के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कृषि कानूनों के विरोध में चल रहा किसानों का धरना 32वें दिन भी जारी रहा। बुधवार को किसानों ने 26 जनवरी को दिल्ली में प्रस्तावित परेड के लिए हाईवे पर अभ्यास किया। उधर, धरने में उपस्थित दर्ज कराने के लिए रालोद नेताओं में होड़ लगी रही। लोग अधिक से अधिक संख्या में शामिल होना चाहते थे।
किसान 26 जनवरी को दिल्ली में निकाली जाने वाली परेड के लिए जोरशोर से तैयारी कर रहे हैं। किसानों ने पीटी और मार्च पास्ट की रिहर्सल की। इसके लिए जहां गांव-गांव जाकर किसानों से दिल्ली कूच के लिए तैयार रहने की अपील की जा रही है। धरने पर मौजूद बड़ौत थांबा चौधरी ब्रजपाल सिंह ने बताया कि दिल्ली के लिए 25 जनवरी को ही किसान निकल जाएंगे और हर हालत में दिल्ली में परेड निकाली जाएगी।
उधर, रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी के आह्वान के बाद बुधवार को धरने पर बड़ी संख्या में रालोद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे और रजिस्टर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। गौरतलब है कि मंगलवार को महापंचायत में जयंत चौधरी धरना संयोजकों को रजिस्टर सौंपकर उसमें रालोद से धरने में पहुंचने वाले नेताओं के नाम दर्ज करने की अपील करके गए थे ताकि धरनारत किसानों का मनोबल बना रहे। धरने में पूर्व विधायक डा. अजय कुमार, पूर्व जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर तोमर एडवोकेट, विश्वास चौधरी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजीव मान, सुरेश मलिक, अश्वनी तोमर, पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, विनोद खेड़ा, विकास बाछौड़, चौबीसी चौधरी सुभाष सिंह, देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह, संजीव चौधरी, बलजोर सिंह आदि मौजूद रहे।