राजस्व कर्मियों ने दिया धरना, विलय का विरोध
उत्तर प्रदेश राजस्व महासंघ के बैनर तले राजस्व कर्मियों ने धरना दिया। धरने में चकबंदी विलय का विरोध करते हुए वेतन उच्चीकरण व लेखपालों की पदोन्नति की मांग उठाई गई।
बागपत, जेएनएन। उत्तर प्रदेश राजस्व महासंघ के बैनर तले राजस्व कर्मियों ने धरना दिया। धरने में चकबंदी विलय का विरोध करते हुए वेतन उच्चीकरण व लेखपालों की पदोन्नति की मांग उठाई गई।
गुरुवार को कलक्ट्रेट परिसर में राजस्व महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रसून कश्यप के नेतृत्व में तहसीलदार संघ, अमीन संघ, लेखपाल संघ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने चकबंदी विभाग का राजस्व विभाग में समायोजन के विरोध में धरना दिया। तहसीलदार ने कहा कि राजस्व परिषद के अधीन तहसीलों में विभिन्न पदों पर चकबंदी विभाग के कर्मचारियों का किसी भी स्तर व किसी भी रूप में विलय का विरोध किया जाएगा। प्रदेश की 22.5 करोड़ आबादी है। यहां पर छोटी छोटी जोतें हैं, जिसका समेकित किए बिना किसानों का भला संभव नहीं है। चकबंदी प्रकिया के माध्यम से होने वाले भूमि अभिलेख आदि को बंद कर मनमाने तरीके से राजस्व विभाग के पदों पर प्रतिनियुक्ति का कोई औचित्य व आधार नहीं है। उन्होंने वेतन उच्चीकरण के साथ ही लेखपालों की पदोन्नति किए जाने की मांग उठाई। नायब तहसीलदार देवेन्द्र मिश्रा, राजकुमार, यदुवन्श कुमार, लोकेश कुमार, सतीश कुमार, यज्ञदत्त शर्मा, विवेक कुमार शर्मा, सूर्यप्रताप सिंह, रोहित तोमर, धर्मेन्द्र कुमार, काजल, अजेंद्र तोमर, जितेंद्र गुप्ता, पंकज आदि मौजूद रहे।