कूड़ा निस्तारण को ठोस रणनीति की दरकार
बागपत बड़ौत और खेकड़ा नगर में हर रोज 150 मीट्रिक टन से ज्यादा कूड़ा निकलता है। कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था ठीक नहीं है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते है और डपिग ग्राउंड पर कूड़ा डालने की जगह तक नहीं बची है। पालिका कर्मी शहर के बाहर सड़क किनारे ही कूड़ा डाल रहे हैं। शहरों में कई स्थानों पर कूड़ेदान तो रखे हैं लेकिन कूड़ा उनके बाहर पड़ा रहता है। बड़ौत में नाले गंदगी से अटे हैं। यह बड़ा मुद्दा है जिसका हल चाहते हैं जिले के लोग मगर चुनावी महासमर में उतरे नेताओं को इसका ख्याल नहीं है।
बागपत, जेएनएन। बागपत, बड़ौत और खेकड़ा नगर में हर रोज 150 मीट्रिक टन से ज्यादा कूड़ा निकलता है। कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था ठीक नहीं है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते है और डपिग ग्राउंड पर कूड़ा डालने की जगह तक नहीं बची है। पालिका कर्मी शहर के बाहर सड़क किनारे ही कूड़ा डाल रहे हैं। शहरों में कई स्थानों पर कूड़ेदान तो रखे हैं, लेकिन कूड़ा उनके बाहर पड़ा रहता है। बड़ौत में नाले गंदगी से अटे हैं। यह बड़ा मुद्दा है, जिसका हल चाहते हैं जिले के लोग, मगर चुनावी महासमर में उतरे नेताओं को इसका ख्याल नहीं है।
बड़ौत, बागपत या खेकड़ा, सड़क किनारे पड़ा रहता है कूड़ा
बड़ौत नगर में गांधी रोड, नेहरू रोड, महावीर मार्ग, बिजरौल तिराहा, बड़ौली रोड, सराय रोड, पूर्वी यमुना नहर की पटरी, छपरौली रोड आदि स्थानों पर कूड़ा पड़ा रहता है। बागपत नगर में निरोजपुर रोड पर जैन बस्ती, मोहल्ला व्यापारियान, मिर्धानपुरा, माता कालोनी, एक्सचेंज रोड, अर्जुनपुरम, काली मंदिर बस्ती, मुगलपुरा, कश्यप कालोनी, मोहल्ला व्यापारियान, कुरैशियान, लक्ष्मण चौक, अर्जुनपुरम, काली का मंदिर के पास कूड़े के ढेर लगते हैं। खेकड़ा नगर में शेखपुरा में मदरसे के पास, लाइन पार बस्ती रेलवे ट्रैक के पास, तांगा स्टैंड, जैन कालेज रोड, कोतवाली के पास कूड़ा डाला जाता है। कूड़ा उठान में देरी के कारण यहां स्थिति बिगड़ी हुई है।
ऐसे निकल सकता है समाधान
लोगों को खुले में कूड़ा डालने से रोकने को जागरूक करना चाहिए। नालों की सफाई भी कराई जानी चाहिए। सफाई कर्मियों की कमी दूर करनी चाहिए। प्लास्टिक कचरा और पालीथिन के इस्तेमाल पर रोक लगानी चाहिए।
लोगों की राय पर हो अमल
बागपत के नइम राणा, एडवोकेट चरण सिंह खोखर, सलमान, बड़ौत के सचिन वत्स, मोनू शर्मा, आदिश जैन, खेकड़ा के विनोद, पंकज, मनोज की राय है कि नगर पालिका की ओर से बाजारों में सूखा एवं गीला कूड़ा अलग अलग डालने को डस्टबिन रखवानी चाहिए। रोज कूड़ा उठाने और जल निकासी कराने का काम कराना चाहिए।
बागपत में बन रहा है सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट
नगर पालिका बड़ौत के अधिशासी अधिकारी अनुज कुमार कौशिक ने बताया कि शहर में हर रोज कूड़ा उठवाया जाता है। नालों की सफाई समय-समय पर कराई जाती है। कूड़ा निस्तारण के लिए जगह चिह्नित कर ली, चुनाव के बाद निस्तारण पर काम शुरू हो जाएगा। उधर, बागपत शहर के पुराना कस्बा में 70 करोड़ रुपए की लागत से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण हो रहा है। इसके बनने से गंदा पानी यमुना नदी में नहीं जा सकेगा।