प्रदूषण के बीच वेस्ट यूपी में बदला मौसम का मिजाज, बूंदाबांदी से ठंड का अहसास Baghpat News
गुरुवार की सुबह प्रदूषण के बीच बागपत में हल्की बूंदाबांदी ने ठंडक का अहसास करा दिया। लेकिन धान की कटाई के बीच किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बागपत, जेएनएन। Rain In West UP गुरुवार की सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदलने से वेस्ट यूपी में आकाश में बादल छा गए। सुबह करीब 11 बजे के बाद से हल्की बारिश होने से जहां वायु प्रदूषण में कुछ कमी आई वहीं ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मेरठ और बागपत में ठंड बढ़ने से कुछ लोग स्वेटर पहने नजर आए। सुबह स्कूल जाते वक्त बच्चों को ठंड से परेशानी हुई। मेरठ के भी कई स्थानों पर बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदल दिया। वहीं बुलंदशहर में भी बारिश हुई है।
किसानों को ज्यादा दिक्कत
सबसे ज्यादा दिक्कत किसानों को हुई, क्योंकि इस समय धान की कटाई का काम तेजी पर है। गेहूं बुआई थम गई है। कोल्हू-क्रेशरों पर गन्ना पेराई पर असर पड़ने की सूचना है। मौसम में आए बदलाव और बूंदा-बांदी से बागपत चीनी मिल के कई गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ना तौल बंद रही है। उधर, बागपत में सड़कों पर कीचड़ होने से आवागमन में लोगों को परेशानी हुई। तापमान में गिरावट दर्ज की गई।