बागपत में सर्वे के दौरान पकड़ा बड़ा फर्जीवाड़ा, जमीन कम पड़ी तो हवा में उगा दिया गन्ना
गन्ना सर्वे के सत्यापन में इस सख्ती का असर दिखा है। बागपत में 110943 किसानों के गन्ना सर्वे के बाद अब राजस्व रिकार्ड से मिलान किया जा रहा है।
बागपत, जेएनएन। गन्ना सर्वे में बड़ा खेल पकड़ में आया है। जमीन कम पड़ने पर हवा में गन्ना उगाने, चीनी मिलों में मनमाने ढंग से गन्ना आपूर्ति को डबल बांड बनवाने और बिना जमीन गन्ना उगाने के 1600 मामले पकड़ में आने से खलबली मची है। गोलमाल के पकड़े जाने का फायदा वास्तविक किसानों को मिलेगा और भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगेगा। गन्ना विभाग ने चीनी मिलों में फर्जी ढंग से गन्ना आपूर्ति बंद कराने को कमर कस रखी है। गन्ना सर्वे के सत्यापन में इस सख्ती का असर दिखा है। बागपत में 110943 किसानों के गन्ना सर्वे के बाद अब राजस्व रिकार्ड से मिलान किया जा रहा है। अब तक 85536 किसानों का मिलान हो चुका। इनमें 1379 किसानों के पास वास्तविक जमीन से ज्यादा क्षेत्रफल पर गन्ना फसल मिलने का मामला पकड़ में आया। गन्ना विभाग की सतर्कता से 116 किसानों के डबल गन्ना बांड पकड़े गए। 125 लोगों ने बिना जमीन के हजारों कुंतल गन्ना उगाने का कमाल कर दिखाया। तीन ऐसे किसान मिले जो गन्ना विभाग को कहीं ढूंढे नहीं मिल रहे। दरअसल, गन्ना विभाग की गहन छानबीन के बाद उन लोगों की करतूत पकड़ी गई, जो किसानों से औने-पौने दाम में गन्ना खरीदकर चीनी मिलों को बेचने की प्लानिंग बना चुके थे।
बागपत गन्ना समिति
-1092 किसानों का वास्तविक से ज्यादा गन्ना
-43 किसानों के मिले डबल गन्ना सट्टा बांड
-62 लोगों के पास नहीं खेती की कोई जमीन
रमाला गन्ना समिति
-22 किसानों का वास्तविकता से ज्यादा गन्ना
-28 किसानों के मिले डबल गन्ना सट्टा बांड
-63 लोगों के पास नहीं खेती की कोई जमीन
मलकपुर गन्ना समिति
-265 किसानों का वास्तविकता से ज्यादा गन्ना
-45 किसानों के मिले डबल गन्ना सट्टा बांड
-बिना जमीन वाला कोई भी किसान नहीं मिला
इन्होंने कहा
गन्ना सर्वे का सत्यापन और किसानों की समस्याओं का निराकरण गहनता से करा रहे हैं। डबल गन्ना बांड, भूमिहीनों और वास्तविकता से ज्यादा गन्ना क्षेत्रफल को खत्म कराया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति गलत ढंग से चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति नहीं कर पाएगा। -डा. अनिल कुमार भारती, डीसीओ