कांग्रेस में चल रहा बागपत व बड़ौत में प्रत्याशी घोषित करने को मंथन
कांग्रेस के अलावा सभी प्रमुख राजनीतिक दल बागपत की तीनों विधानसभा पर प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं। बस कांग्रेस ने मात्र छपरौली से प्रत्याशी घोषित किया है। कांग्रेस में बागपत व बड़ौत में प्रत्याशी घोषित करने को मंथन चल रहा है।

जागरण संवाददाता, बागपत। कांग्रेस के अलावा सभी प्रमुख राजनीतिक दल बागपत की तीनों विधानसभा पर प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं। बस कांग्रेस ने मात्र छपरौली से प्रत्याशी घोषित किया है। कांग्रेस में बागपत व बड़ौत में प्रत्याशी घोषित करने को मंथन चल रहा है। हालांकि, 21 जनवरी को नामांकन का आखिरी दिन है। इसी के चलते 20 जनवरी को प्रत्याशियों की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।
जिले में भाजपा, रालोद सपा गठबंधन, बसपा ने तीनों विधानसभा पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। वहीं कांग्रेस ने छपरौली से पार्टी के जिलाध्यक्ष युनूस चौधरी को प्रत्याशी घोषित किया है। बागपत व बड़ौत विधानसभा से प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। पार्टी सूत्रों की मानें तो बागपत विधानसभा सीट से टिकट के लिए अनिल देव त्यागी, राजेंद्र चौहान, दिलेराम गुर्जर, सतीश प्रधान व सुनील त्यागी आदि दावेदार हैं। वहीं बड़ौत विधानसभा सीट से शहर अध्यक्ष राकेश शर्मा, राहुल कश्यप, अनिल बावली, राजीव सेन आदि दावेदार हैं। पार्टी में सभी दावेदारों पर मंथन चल रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष युनूस चौधरी ने बताया कि पार्टी हाईकमान से जल्द ही प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।
--------
महिला उम्मीदवार आने की संभावना
-कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा ने 50 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने की घोषणा की है। इससे संभावना जताई जा रही है कि बागपत या बड़ौत से महिला उम्मीदवार घोषित हो सकती है।
------
दलबदलू भी लाइन में
-कांग्रेस से टिकट पाने के लिए दलबदलू भी लाइन में बताए जा रहे हैं। इसमें राजनीतिक दलों में टिकट नहीं पाने से नाराज दावेदार भी शामिल हैं। बागपत व बड़ौत सीट से टिकट हासिल करने के लिए दूसरे जिले के नेता भी शामिल हैं। इसमें एक नेता पहले भी बागपत से दूसरे राजनीतिक दल से चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, उनका पार्टी में विरोध किया जा रहा है।
Edited By Jagran