कपड़े की खरीदारी बढ़ी, इलेक्ट्रानिक सामान के बाजार में मंदी
पहले श्राद्ध उसके बाद अधिक मास के चलते व्यापार धड़ाम हो गया था। नवरात्रि शुरू होने के बाद अब बाजार में फिर से तेजी आने के आसार दिख रहे हैं।
बागपत, जेएनएन। पहले श्राद्ध उसके बाद अधिक मास के चलते व्यापार धड़ाम हो गया था। नवरात्रि शुरू हुए तो बाजार में तेजी आई है। व्यापारियों के चेहरे पर खोई हुई मुस्कान लौटी है। दीपावली जैसे नजदीक आएगी, वैसे ही बाजार गुलजार हो जाएगा। वैसे लोगों की भीड़ बढ़ रही है। हर दुकानों पर खरीदारी बढ़ी।
कोरोना काल में व्यापार ठप हो गया था। हर व्यापारी के माथे पर चिता की लकीरें थीं। लोग भी चिता में थे कि त्योहार कैसे मनेगा? जैसे-जैसे व्यापार करने के लिए व्यापारियों को छूट दी गई और लोगों के पास आमदनी का जरिया बढ़ा तो व्यापारी में थोड़ी तेजी आई। उसके बाद श्राद्ध और अधिक मास से व्यापार पर असर पड़ा। अब नवरात्रि शुरू हुए व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी लौट आई है। चाहे कपड़े की दुकान हो या मोबाइल की यहां पर खरीदारी बढ़ी है। रेडिमेड कपड़े के व्यापारी राहुल शर्मा ने बताया कि नवरात्र में व्यापार बढ़ा है। पहले के मुकाबले लोग अब घरों से निकलकर कपड़े खरीद रहे है। दीपक कुमार ने बताया कि करवा चौथ के चलते साड़ियों की डिमांड बढ़ी है। सूट से लेकर लहंगा चुन्नी और अन्य कपड़े महिलाएं खरीदने आ रही हैं।
इलेक्ट्रानिक दुकान के स्वामी जगदीश अरोड़ा उर्फ मंगली ने कहा कि व्यापार चौपट है। दीवाली के पास ही तेजी आने की उम्मीद है। अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी सर्राफा व्यापारी प्रशांत वर्मा ने कहा कि नवरात्र में सोने-चांदी के आभूषण को खरीदने के लिए लोगों की मांह बढ़ी है। व्यापार बढ़ा है, आगे भी उम्मीद है।