कोहरे में रेंगे वाहन, ठंड से कांपे लोग
कोहरा और ठंड बढ़ने से लगातार परेशानी बढ़ रही है जिससे सड़क पर दोपहर से पहले वाहन रेंगते नजर आए जबकि लोग ठंड से कांपते रहे।
बागपत, जेएनएन। कोहरा और ठंड बढ़ने से लगातार परेशानी बढ़ रही है, जिससे सड़क पर दोपहर से पहले वाहन रेंगते नजर आए, जबकि लोग ठंड से कांपते रहे।
बुधवार रात से शुरू हुआ कोहरा गुरुवार दोपहर 12 बजे तक रुक-रुककर पड़ता रहा। सुबह 10 बजे तक ²श्यता कम रहने पर दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे, मेरठ-बागपत हाईवे और अन्य मार्गों पर वाहनों की गति बेहद कम दिखी।
कोहरे में ठिठुरन इतनी ज्यादा थी कि प्रात 11 बजे तक गन्ना कटाई बंद रहने से क्षेत्र के किसान परेशान रहे। लोग अलाव तापकर ठंड से बचने का प्रयास करते नजर आए। हजारों बेसहारा गोवंशी ठंड से कांपते दिखे। हालांकि दोपहर में धूप खिलने के बाद लोगों को कुछ राहत मिली। घरों तथा सरकारी कार्यालयों में लोग धूप सेकते रहे। वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ। गुरुवार को बागपत का एयर क्वालिटी इंडेक्स 130 रहा।
सुनहरी धूप से सर्दी के सितम से मिली राहत
बड़ौत: कई दिनों से खराब चल रहे मौसम में गुरुवार को थोड़ा सुधार आया। सूर्यदेव के दर्शन होने से वातावरण में गरमाहट बढ़ी, जिससे लोगों ने राहत महसूस की।
सुबह जबरदस्त कोहरा छाने के बाद दोपहर में मौसम खुल गया। हल्की हवा के साथ चटक धूप खिली, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम खुलने के बाद लोग धूप का आनंद लेते नजर आए। हालांकि शाम होते-होते ठंड ने फिर डेरा डाल लिया। गौरतलब है कि तीन हफ्ते से भी ज्यादा समय तक खराब मौसम व बारिश से लोग खासे परेशान रहे। मनुष्य ही नहीं बल्कि दूसरे जीवधारी भी ठंड के आगे बेबस नजर आए। गुरुवार को मौसम खुलने से लोगों ने थोड़ी बहुत राहत की सांस जरूर ली है, लेकिन मौसम विभाग ने अभी मौसम की आंख-मिचौनी जारी रहने की संभावना जताई है।