मोबाइल व टीवी से दूर रहें बच्चे : ज्ञान सागर
आचार्य ज्ञान सागर महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति करने को प्रेरित किया।
संवाद सहयोगी, खेकड़ा (बागपत): बड़ागांव से पदविहार कर गांधी प्याऊ पर पहुंचे आचार्य ज्ञान सागर महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति करने को प्रेरित किया। कहा कि आज मनुष्य बीमारियों का घर है, लेकिन धर्म की राह पर चलने वाले से बीमारियां भी कोसों दूर रहती हैं।
कई दिनों से प्रसिद्ध जैन संत आचार्य ज्ञान सागर महाराज बड़ागांव में विहार कर रहे थे। शुक्रवार को आचार्य पदविहार कर ससंघ गांधी प्याऊ पर पहुंचे। उनके साथ दर्जनों श्रद्धालु बैंडबाजों की धुन पर जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। जगह-जगह संतों की श्रद्धालुओं ने आरती की। चित्र अनावरण योगेंद्र जैन, दीप प्रज्ज्वलन नितिन जैन, पाद प्रक्षालन सुरेशचंद जैन, ओमप्रकाश जैन ने शास्त्र भेंट किए। आचार्य ने कहा कि आज के समय में मनुष्य बीमारियों का घर हो गया है। चलने, सोने, बैठने के लिए भी दवाइयों को सहारा लेना पड़ता है। परंतु जो मनुष्य धार्मिक होता है रोग उससे कोसों दूर रहते हैं। उन्होंने बच्चों को मोबाइल व टीवी से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। धर्मचर्चा में दर्जनों महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे। उधर मंडोला जयशांति सागर निकेतन में ऐलक विज्ञान सागर महाराज के सानिध्य में जिनेंद्र महार्चना व विश्वशांति को महायज्ञ हुआ। महार्चना में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने पूजन किया।