एंबुलेंस तालाब में गिरी, ग्रामीणों ने सवार बचाए
महाराष्ट्र से शव लेकर झिझाना जा रही एंबुलेंस रात को कोहरे के कारण तालाब में गिर गई।
बागपत, जेएनएन। महाराष्ट्र से शव लेकर झिझाना जा रही एंबुलेंस रात को कोहरे के कारण ढिकौली गांव के तालाब में गिर गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रात में ही शव व सवारों को बाहर निकाला। दूसरे वाहन की मदद से शव को झिझाना भेजा।
शामली जिले के हथछोया गांव निवासी छोटा पुत्र इरफान महाराष्ट्र के सोलापुर में नौकरी करता था। वहां किसी कारण से उसकी मौत हो गई। भाई सोनू, गुलफाम व इरफान शव लेने गए थे। बुधवार को चालक संतोष पुत्र मत्लया निवासी सोलापुर संग तीनों एंबुलेंस से शव लेकर घर को निकले थे। रात तीन बजे ढिकौली गांव में कोहरे के कारण एंबुलेंस तालाब में गिर गई। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। बमुश्किल ग्रामीणों ने सवार चारों लोगों को बाहर निकाला। फिर शव निकाला गया। तत्काल दूसरी एंबुलेंस की मदद से शव व तीनों को घर के लिए भेजा। दिन निकलने पर जेसीबी व ट्रैक्टर की मदद से एंबुलेंस को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस को ठीक कराने के बाद चालक वापस लौट गया।
कुछ देरी होती तो घटती बड़ी घटना
रात तीन बजे एंबुलेंस तालाब में गिरी तो ग्रामीणों को भनक लगी। पता लगते ही ग्रामीणों संग पुलिस पहुंची। अगर कुछ देर और होती थी तो बड़ा हादसा हो सकता था। बाहर निकलने के बाद ग्रामीणों से सवारों के भीगे कपड़े बदलवाए। चारों ने ग्रामीणों व पुलिस का आभार व्यक्त किया। हादसे में दो युवक घायल
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर ग्राम मवीकलां के निकट दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में युवक निखिल व सुमित घायल हुए। उनका निजी चिकित्सक से इलाज कराया गया। सट्टे की खाईबाड़ी पर छापा, एक गिरफ्तार
ग्राम सिसाना में सट्टे की खाईबाड़ी की जा रही थी। पुलिस ने छापामारी की तो भगदड़ मच गई। पुलिस ने युवक मांगेराम को गिरफ्तार किया। महिला से मारपीट, हंगामा
पुराना कस्बा में महिला हिना के साथ पड़ोस की महिला ने गाली-गलौज कर मारपीट की। इसको लेकर हंगामा हुआ। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की है।