टोल पर दबंगई को लेकर भाकियू ने भी आंदोलन की धमकी
कासिमपुर खेड़ी गांव में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई।
बागपत, जेएनएन। कासिमपुर खेड़ी गांव में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई, जिसमें टोल प्लाजा पर क्षेत्र के लोगों को टोल के दायरे से बाहर कराने की मांग रखी गई। चेतावनी दी कि सात मार्च तक समस्या का समाधान न हुआ तो टोल प्लाजा पर ही आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
कासिमपुर खेड़ी गांव में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि जिवाना टोल प्लाजा पर टोलकर्मी क्षेत्र के लोगों के साथ दबंगई कर रहे हैं। यदि कोई चालक अपने वाहन लेकर पूर्वी यमुना नहर से जाता है तो टोल कर्मी उसके साथ मारपीट तक करते हैं। उन्होंने कहा कि टोल से 20 किमी तक दूरी वाले गांव टोल फ्री होने चाहिए। यदि ऐसा न हुआ तो सात मार्च से क्षेत्र के लोग टोल पर ही आंदोलन शुरु कर देगें। उपेंद्र तोमर ने कहा कि रविवार को राकेश टिकैत सहारनपुर जाते समय किशनपुर बराल में कहकर गए थे कि यदि क्षेत्र के लोगों को फ्री नहीं किया गया तो टोल पर ही आंदोलन शुरू कर दो। उन्हीं के कहने के बाद यूनियन के कार्यकर्ताओं ने टोल पर आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इस मौके पर सुरेश मुखिया, डाक्टर ओमप्रकाश, आशीष तोमर, मनीष, देवेंद्र, अजीत, सुनील आगि मौजूद थे। वाहनों को रोक रहे कर्मी
कई वाहन चालक टोल से चंद कदम दूर हाईवे से अपने वाहनों को पूर्वी यमुना नहर से निकालते हैं, तो वहां हाईवे पर खड़े टोलकर्मी वाहनों को पूर्वी यमुना नहर पटरी पर जाने से रोक देते हैं और उन्हें हाईवे पर जाने को कहते हैं। उधर, डीएम राजकमल यादव ने कहा कि टोलकर्मियों को वार्ता के लिए बुलाया गया है। कोई भी कर्मी टोल के अलावा अन्य स्थानों पर वाहन चालकों को जाने से नहीं रोक सकता है। समस्या का समाधान कराया जाएगा।