युवक को हाईवे पर अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रविवार सुबह करीब छह बजे मार्निंग वाक पर निकले युवक को कुचले।
बागपत, जेएनएन। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रविवार सुबह करीब छह बजे मार्निंग वाक पर निकले 44 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया।
मृतक मनोज पुत्र ब्रह्मपाल शहर की पट्टी चौधरान के रहने वाले थे। उनकी छपरौली चुंगी पर बुलेट मोटरसाइकिल की वर्कशाप है। रविवार सुबह रोजाना की तरह वह शहर के जनता वैदिक कालेज के मैदान में जागिग के लिए पैदल जा रहे थे। शहर की बावली चुंगी पर हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन उन्हें रौंदता हुआ चला गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने स्वजन को हादसे की जानकारी दी। मृतक मनोज अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनका एक बेटा और दो बेटियां हैं। घर का इकलौता चिराग बुझ जाने से वृद्ध माता-पिता व पत्नी, बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह ने कहा घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर अज्ञात वाहन चालक की पहचान की जा रही है। जल्द आरोपित को तलाश लिया जाएगा। हाईवे पर बने तिराहे और चौराहे बने एक्सीडेंटल जोन
शहर के अंदर हाईवे पर बनाए तिराहे और चौराहे पर ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त है, जिसके कारण यहां रोजाना छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। यातायात पुलिस की तैनाती और संकेतक की व्यवस्था न होने के कारण चौराहों पर हमेशा अराजक स्थिति बनी रही है। शहर की बावली चुंगी तिराहा, छपरौली चुंगी चौराहे पर रोजाना हादसे हो रहे हैं मगर उदासीनता की चादर ओढ़े पुलिस-प्रशासन के अधिकारी चैन की नींद ले रहे हैं।