बंद ईट भट्ठे में विवाहिता की गोली मारकर हत्या
बंद पड़े ईट भट्ठे में ले जाकर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
सिलहरी (बदायूं) : बंद पड़े ईट भट्ठे में ले जाकर महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला कई दिन से यहां बंद थी, या फिर उसे यहां लाकर मौत के घाट उतारा गया है, इन सवालों के जवाब पुलिस के पास नहीं हैं। पुलिस शव की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह सनसनीखेज वारदात बिनावर थाना क्षेत्र के गांव थरा में हुई। गांव खरैर निवासी मुस्लिम नाम के व्यक्ति का ईट भट्ठा करीब15 साल से बंद पड़ा है। सोमवार शाम गांव वालों को महिला की लाश पड़ी मिली। खबर पर एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव समेत सीओ सिटी राघवेंद्र ¨सह और थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। महिला के सिर में जख्म है। पुलिस इस जख्म को गोली मान रही है। वहीं मौके पर खून भी बिखरा पड़ा था। महिला पीले रंग की सलवार और क्रीम कलर का कुर्ता पहने हुए थी। हाथों में नीले रंग की चूड़ियां और पैर में बिछुए हैं। उम्र तकरीबन 20 से 22 साल रही होगी। पुलिस को घटनास्थल पर 315 बोर का एक खोखा भी मिला है। कुछ लोग दुष्कर्म के बाद हत्या की बात भी कह रहे हैं। वर्जन ::
शव देखकर यही लग रहा है कि हत्या गोली मारकर की गई है। शिनाख्त के बाद सुराग मिलेंगे। कोशिश है कि जल्द से जल्द शिनाख्त हो जाए। बाकी के तथ्य पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सामने आ जाएंगे। घटना कुछ घंटे पहले ही हुई है।
- जितेंद्र श्रीवास्तव, एसपी सिटी