गेहूं खरीद ने पकड़ी रफ्तार, नहीं हो रहा भुगतान
पंचायत चुनाव में मतदान हो जाने के बाद गेहूं खरीद में तेजी आई है। सेंटरों पर किसानों का गेहूं तौला जा रहा है लेकिन समय से भुगतान नहीं मिल पा रहा है। सेंटरों के आसपास बिचौलिया भी हावी हैं। नकद भुगतान देकर किसानों से सस्ते में गेहूं खरीद रहे हैं।
जेएनएन, बदायूं : पंचायत चुनाव में मतदान हो जाने के बाद गेहूं खरीद में तेजी आई है। सेंटरों पर किसानों का गेहूं तौला जा रहा है, लेकिन समय से भुगतान नहीं मिल पा रहा है। सेंटरों के आसपास बिचौलिया भी हावी हैं। नकद भुगतान देकर किसानों से सस्ते में गेहूं खरीद रहे हैं। फिर महंगे दामों पर सेंटरों पर ही तौल करा दे रहे हैं। कुछ क्रय केंद्रों के प्रभारियों की मिलीभगत से यह खेल खूब चल रहा है। डिप्टी आरएमओ प्रकाश नारायण का कहना है कि अधिक से अधिक किसानों का गेहूं तौल कराने की कोशिश है। साप्ताहिक बंदी की वजह से कुछ किसानों का समय से भुगतान नहीं हो सका था। भुगतान भी समय से किसानों के खाते में कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
परेशानी से बचने को एसडीएम से सत्यापित कराए कागज
संस, बिल्सी : नगर के मंडी समिति स्थित गेंहू क्रय केंद्र पर गेहूं खरीद रफ्तार पकड़ने लगी है। अब तक 900 क्विटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। कुछ किसान ही अपने सत्यापित कागजों के साथ केंद्र पर गेहूं ला रहे हैं। बाकी के किसान बिना सत्यापन के ही पहुंच जा रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र प्रभारी विजय दीप ने बताया सबसे पहले किसान अपना रजिस्ट्रेशन कराकर आएं। उसके बाद अगर गेहूं 100 क्विटल तक है तो एसडीएम से सत्यापित कागज लेकर जरूर पहुंचें। ताकि, उन्हें सेंटर पर कोई दिक्कत न हो सके। गेहूं खरीद में धांधली रोकने के लिए यह व्यवस्था की गई है। आसफपुर के क्रय केंद्र पर शुरू नहीं हो सकी तौल
संसू, आसफपुर : कस्बा स्थित साधन सहकारी समिति क्रय केंद्र आसफपुर फकावली के नाम से दुनदपुर में खुला है। पहली अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होने का दावा किया जा रहा है। लेकिन, इस सेंटर पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हो सकी है। जिलाधिकारी ने सख्त आदेश जारी किए हैं कि सेंटर से कोई किसान नहीं लौटना चाहिए। पंजीकृत सभी किसानों का गेहूं खरीदा जाए। लेकिन, इस सेंटर पर कोई असर नहीं दिख रहा है। सोमवार को क्रय केंद्र पर तैनात सचिव नेकपाल व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कुछ किसान गेहूं बिक्री करने के लिए पूछने गए तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। किसान अभिषेक शर्मा, बिट्टू, राकेश व नेमचंद आदि ने जिलाधिकारी से गेहूं क्रय केंद्र चालू कराने की मांग की है। क्रय केंद्र पर मौजूद एक कर्मचारी ने बताया कि सचिव के घर शादी है, इसलिए अभी खरीद शुरू नहीं हो पा रही है। फोटो 26 बीडीएन 4
क्रय केंद्र पर गेहूं तौल कराने की जानकारी लेने गया था। केंद्र प्रभारी ने बताया कि सारी कागजी प्रक्रिया पूरी करके ही गेहूं तौल कराने आना।
- नीरज, रम्पुरा फोटो 26 बीडीएन 5
क्रय केंद्र पर केंद्र पर साठ क्विटल गेहूं लेकर आया था। आसानी से तौल हो गई। कोई दिक्कत नहीं आई। लेकिन, अभी भुगतान नहीं मिला है।
- अभिषेक सोलंकी, मुहम्मदगंज
फोटो 26 बीडीएन 6
पंजीकरण करा लिया। क्रय केंद्र पर सोमवार को बुलाया था। गेहूं लेकर आया हूं। कागज सत्यापित है। शाम तक तौल हो जाने की उम्मीद है।
- राजू, अंबियापुर
फोटो 26 बीडीएन 7
क्रय केंद्र पर गेंहू की तौल सुचारू रूप से हो गई। केंद्र पर कोई परेशानी नहीं हुई। मेरे कागज भी आसानी से सत्यापित हो गए है।
- रामेश्वर, गोसम नगर