बदला मौसम का मिजाज, हल्की बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत
मौसम का मिजाज गुरुवार को बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए। तेज ठंडी हवाएं चलने लगीं। इससे तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली। सुबह बूंदाबांदी होने के बाद दोपहर में भी हल्की बारिश हुई। इससे बीते दिनों 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका पारा लुढ़क कर 35 डिग्री सेल्सियस तक आ पहुंचा है।
बदायूं, जेएनएन : मौसम का मिजाज गुरुवार को बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए। तेज ठंडी हवाएं चलने लगीं। इससे तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली। सुबह बूंदाबांदी होने के बाद दोपहर में भी हल्की बारिश हुई। इससे बीते दिनों 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका पारा लुढ़क कर 35 डिग्री सेल्सियस तक आ पहुंचा है। बादल अब भी छाए हुए हैं। इससे शुक्रवार को अच्छी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इस समय की बारिश फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है।
बीते 10 दिन से तेज गर्मी और उमस हो रही थी। गर्मी और उमस के बाद गुरुवार तड़के राहत की बारिश हुई। सुबह मौसम सुहाना हुआ। आसमान में काले बादल छाए रहे। लेकिन, अपेक्षा के अनुरूप बरसात नहीं हुई। कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश ही हुई। सुबह करीब पांच हल्की बारिश हुई। फिर दस बजे भी बौछारे पड़ीं। दोपहर 12 बजे बाद कहीं कहीं तेज बारिश हुई तो कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। विभिन्न क्षेत्रों में राहगीर व दोपहिया वाहन चालक हल्की बारिश का आनंद लेते रहे। शाम पांच बजे बाद आसमान में दोबारा घने बादल छाये। दिनभर बादल छाए रहने से मौसम का मिजाज ठंडा रहा। मौसम के जानकारों का कहना है कि शुक्रवार को भी इसी तरह मौसम बना रहेगा। बारिश की संभावना बनी हुई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार और शनिवार को भी बारिश होने के आसार दिख रहे हैं। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार का कहना है कि इस समय बारिश खरीफ की फसलों के लिए फायदेमंद है। खेत में धान की कहीं रोपाई हो चुकी है तो कहीं चल रही है। इनसेट ::
शहर में नाला सफाई का काम अधूरा
बरसात से पहले नगर पालिका प्रशासन ने शहर में नालों की तलीझाड़ सफाई का अभियान तो शुरू करा दिया है, लेकिन काम अभी अधूरा है। इससे तेज बारिश होने पर शहर में जगह-जगह जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होगी। हालांकि अधिशासी अधिकारी संजय तिवारी का दावा है कि तेजी से नालों की सफाई कराई जा रही है।