फिर पकड़े गए बरेली के दो अफीम तस्कर
जेएनएन बदायूं आचार संहिता पालन कराने के लिए जिले भर में चेकिग अभियान के दौरान बिल्सी पुि
जेएनएन, बदायूं : आचार संहिता पालन कराने के लिए जिले भर में चेकिग अभियान के दौरान बिल्सी पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई। चेकिग के दौरान बिल्सी पुलिस ने गिरधरपुर तिराहे से एक कार को रोका और उसकी तलाशी ली। पुलिस को कार की तलाशी में छह किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने बरेली के थाना भमोरा निवासी दो तस्करों और उनके पास से एक कंट्रीमेड रिवाल्वर बरामद की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपएस का मुकदमा दर्ज कर उनको जेल भेज दिया है।
मंगलवार को दोपहर के समय बिल्सी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गिरधरपुर तिराहे के पास पुलिस कर्मी चेकिग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को बिसौली की ओर से एक कार आती दिखाई दी। कार में दो लोग सवार थे। पुलिस ने कार रोकने का इशारा किया तो कार सवारों ने वहां से भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया। कार रोकने के बाद जब तलाशी ली गई तो उसमें दो बोरियों में रखी अफीम और एक कंट्रीमेड रिवाल्वर बरामद हुई। पुलिस ने कार सवार दोनों को गिरफ्तार कर लिया और थाने ले आई। थाने लाकर पूछताछ की गई तो आरोपितों ने अपने नाम जिला बरेली के थाना भमोरा के गांव हररामपुर निवासी सूरज व जमालपुर निवासी अजय बताए। बताया कि वह दोनों अफीम की तस्करी करते हैं। इसके लिए उन्हें रुपये मिलते हैं। पुलिस ने उनसे अफीम के बारे में अन्य जानकारियां भी जुटाई है। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। बीते एक महीने में बरेली से आने वाली अफीम की यह चौथी खेप पुलिस ने पकड़ी है। बरेली से लाकर इसे सप्लाई करने जा रहे दो तस्करों को बिल्सी पुलिस ने पकड़ा है। उनके बाद से छह किलो से अधिक अफीम और एक रिवाल्वर भी बरामद की गई है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। साथ ही इस नेटवर्क के बारे में पता लगाने को टीम लगाई गई है। - सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात