ट्रैक्टर-ट्राली को मारी टक्कर, तीन की मौत, 18 घायल
कादरचौक थाना क्षेत्र में गंगा घाट से अंत्येष्टि कर लौट रहे दो ट्रैक्टरों में एक ट्रैक्टर आगे चल रहा था। पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने ओवरटेक किया तो टक्कर लगने से दूसरा ट्रैक्टर खाई में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 18 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ओवरटेक करने वाला चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को कादरचौक सीएचसी पर भर्ती कराया जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चूंकि दोनों ट्रैक्टर प्रधान पद के प्रत्याशियों के हैं इसलिए मौके पर तमाम तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
जेएनएन, बदायूं : कादरचौक थाना क्षेत्र में गंगा घाट से अंत्येष्टि कर लौट रहे दो ट्रैक्टरों में एक ट्रैक्टर आगे चल रहा था। पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने ओवरटेक किया तो टक्कर लगने से दूसरा ट्रैक्टर खाई में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ओवरटेक करने वाला चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को कादरचौक सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चूंकि दोनों ट्रैक्टर प्रधान पद के प्रत्याशियों के हैं, इसलिए मौके पर तमाम तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
सोमवार को गांव कचौरा निवासी चंद्रकेश की मां का निधन हो गया था। उनकी अंत्येष्टि करने के लिए गांव से तमाम लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों से थाना क्षेत्र के ही कादरगंज गंगा घाट पर गए थे। दोपहर करीब तीन बजे अंत्येष्टि करने के बाद वह लोग वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान एक प्रधान पद के प्रत्याशी का ट्रैक्टर पीछे चल रहा था। ट्रैक्टर को कचौरा गांव का ही युवक चला रहा था। उसके आगे कचौरा के निवर्तमान प्रधान और प्रधान पद के प्रत्याशी का ट्रैक्टर चल रहा था। इसी दौरान दूसरे प्रत्याशी के ट्रैक्टर चालक ने कचौरा गांव के निवर्तमान प्रधान के ट्रैक्टर का पीछा करना शुरू कर दिया। उसने अपना ट्रैक्टर आगे निकालने के लिए ओवरटेक किया तो टक्कर लगने से कचौरा के निवर्तमान प्रधान का ट्रैक्टर पलट गया। जिला अस्पताल में पहुंचे प्रत्यक्षदर्शी आरोप लगा रहे थे कि ट्रैक्टर में टक्कर मारी गई है। हादसे में ट्राली में बैठे गांव मनुआ नगला निवासी सोमवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनुआ नगला के ही रहने वाले सुरेश और कचौरा निवासी रबी अहमद ने अस्पताल लाते समय दम तोड़ दिया। इसके बाद कचौरा के निवर्तमान प्रधान ने दूसरे ट्रैक्टर चालक पर चुनावी रंजिश के चलते जबरन टक्कर मारने का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस मामले की सभी बिदुओं पर जांच कर रही है।
ओवरटेक करते समय एक ट्रैक्टर के खाई में पलटने की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और कुछ लोग घायल हुए हैं। घायलों का बेहतर उपचार कराया जा रहा है। मामले की तहरीर नहीं आई है, तहरीर आते ही कार्रवाई की जाएगी।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी