बेमौसम बारिश से लुढ़का पारा, आज भी छाए रहेंगे बादल
जेएनएन बदायूं पश्चिमी विक्षोभ से बिगड़ा मौसम सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को भी दिनभर कभी बूंदाबांदी तो कभी रिमझिम बरसात होती रही। इससे पारा एक बार फिर दो डिग्री लुढ़क गया है। शहर से लेकर गांवों तक जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सोमवार से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। तीन दिन तक आसमान में बादल तो दिखेंगे लेकिन अब बारिश की संभावना नहीं है।
जेएनएन, बदायूं : पश्चिमी विक्षोभ से बिगड़ा मौसम सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को भी दिनभर कभी बूंदाबांदी तो कभी रिमझिम बरसात होती रही। इससे पारा एक बार फिर दो डिग्री लुढ़क गया है। शहर से लेकर गांवों तक जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सोमवार से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। तीन दिन तक आसमान में बादल तो दिखेंगे, लेकिन अब बारिश की संभावना नहीं है।
रविवार को सुबह सात बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। हर तरफ धुंध सी छाई रही। शाम तक कभी बूंदाबांदी तो कभी रिमझिम बरसात का सिलसिला चलता रहा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री था जो, रविवार को गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शहर के बाहर स्थिति और खराब रही। सर्द हवाएं चलने से लोग ठिठुरते दिखाई दिए। जगह-जगह अलाव जलाकर लोग सर्दी से बचाव करते रहे। मौसम विज्ञानी आलोक सागर ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते ठंड बढ़ गई थी। सोमवार से मौसम में बदलाव आएगा। 24 से 26 जनवरी तक आसमान में बादल दिखाई देंगे, लेकिन बरसात की कोई संभावना नहीं है। 27 जनवरी से मौसम पूरी तरफ साफ हो जाएगा। रविवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
संसू, अलापुर : सुबह से ही शुरू हुई रिमझिम बरसात का सिलसिला दिनभर बना रहा। धुंध से दोपहर के समय ही शाम होने का भ्रम हो रहा था। बर्फीली हवाओं से गलन और ठिठुरन बनी रही। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
संसू, म्याऊं : कड़ाके की ठंड के बावजूद ग्रामीण इलाकों तक सरकारी कंबल और अलाव के इंतजाम नहीं किए गए हैं। नगरीय इलाकों में कुछ सार्वजनिक स्थानों पर फोटो खिचवाने तक ही कंबल वितरण व अलाव सिमट कर रह गया है। शासन ने ठंड को देखते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत को कंबल उपलब्ध कराए हैं, जो गरीब और असहायों के बीच बांटा जाना है। इसके अलावा, प्रत्येक ग्राम पंचायत को अलाव जलाने के लिए धनराशि भी उपलब्ध कराई गई है लेकिन कड़ाके की ठंड के बावजूद अधिकांश ग्रामीण इलाकों में न तो कंबल वितरण हुआ और न ही अलाव जले हैं। मलिन बस्ती में जाकर वितरित किए कंबल
लोक निर्माण परिवार सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति की ओर से मलिन बस्ती में कंबल के साथ मास्क, बिस्कुट के पैकेट बांटे गए। मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के प्रांतीय सह संरक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारी प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग रवींद्र मोहन सक्सेना ने वितरण का शुभारंभ किया। संरक्षक राजीव सिंह राठौर एवं सदानंद धर द्विवेदी, जिला मंत्री सुभाष चंद्र, कोषाध्यक्ष प्रमोद शाक्य, संयुक्त मत्री संजीव गंगवार, संप्रेक्षक सम्पेक्षक मुनेश कुमार, गुड्डू, नियमित वर्कचार्ज संघ के क्षेत्रीय महामंत्री श्रीनिवास शर्मा, हर्षित जौहरी, मुनीश बाबू आदि का विशेष सहयोग रहा। समिति के संयोजक मानव कुमार शर्मा ने आभार व्यक्त किया।