रोचक होगा जिला पंचायत अध्यक्ष का उप चुनाव
जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उप चुनाव रोचक होता दिख रहा है। इस सीट को लेकर अभी तक भाजपा में ही उठापटक चल रही थी लेकिन अब सपा की निवर्तमान अध्यक्ष मधु चंद्रा ने भी पर्चा खरीदकर दावा ठोंक दिया है। तीन दावेदारों के नामांकन पत्र खरीदने से कौतुहल बढ़ता जा रहा है।
जागरण संवाददाता, बदायूं : जिला पंचायत अध्यक्ष पद का उप चुनाव रोचक होता दिख रहा है। इस सीट को लेकर अभी तक भाजपा में ही उठापटक चल रही थी, लेकिन अब सपा की निवर्तमान अध्यक्ष मधु चंद्रा ने भी पर्चा खरीदकर दावा ठोंक दिया है। तीन दावेदारों के नामांकन पत्र खरीदने से कौतुहल बढ़ता जा रहा है। सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद ही भाजपा नेताओं जिला पंचायत अध्यक्ष को कुर्सी से हटाने के लिए लंबी जद्दोजहद की। अविश्वास प्रस्ताव लाने के शुरूआती दो बार के प्रयास विफल रहे, लेकिन तीसरे प्रयास में सफलता मिली। उप चुनाव की बारी आई तो अविश्वास प्रस्ताव लाने में भाजपा की ओर से अहम भूमिका निभाने वाली प्रीति सागर ने सबसे पहले पर्चा खरीदकर अपना दावा ठोंक दिया। इसी बीच भाजपा की ही दमयंती वर्मा ने भी पर्चा खरीदकर पार्टी जिलाध्यक्ष से समर्थन की मांग की। सत्ताधारी पार्टी में गुटबाजी देख सपा ने भी निवर्तमान अध्यक्ष मधु चंद्रा पर दांव खेल दिया है। हालांकि यह उप चुनाव भाजपा बनाम सपा होने के संकेत दिख रहे हैं, लेकिन दो दावेदार भाजपा से जुडे़ होने से पार्टी पदाधिकारियों की परेशानी बढ़ गई है। कोर कमेटी ने अपनी राय देकर यह मामला पार्टी हाईकमान को भेजा है। वहां से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी पर फैसला होगा। आंकड़ों के खेल में कौन बनेगा शहंशाह
जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी का फैसला 51 सदस्य करेंगे। अगर आमने-सामने का मुकाबला हुआ तो जीत के लिए 26 सदस्यों के वोट की जरूरत होगी। सत्ताधारी पार्टी को कमजोर नहीं कहा जा सकता, लेकिन इस बोर्ड का गठन सपा शासन काल में हुआ है। सपा से जुड़े सदस्यों की संख्या भी कम नहीं है। कलेक्ट्रेट में नामांकन आज
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कलेक्ट्रेट में सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे। इसके बाद नामांकन की जांच होगी। 20 फरवरी को नाम वापसी, 24 फरवरी को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित होगा।
वर्जन ::
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रीति सागर और दमयंती वर्मा ने समर्थन मांगा है। जिला कोर कमेटी ने अपनी राय देकर पार्टी हाईकमान को मामला भेज दिया है। नामांकन के पहले स्थिति साफ हो जाएगी कि कौन पार्टी समर्थित प्रत्याशी होगा।
- अशोक भारतीय, जिलाध्यक्ष भाजपा ब्लॉक प्रमुख पद के लिए खरीदे पर्चे
संस, बिसौली : ब्लॉक प्रमुख पद चुनाव के लिए अमित पाठक और उनकी पत्नी विनीता पाठक ने रविवार को पर्चा खरीदा। वहीं, शनिवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति रामवीर सिंह यादव ने पर्चा खरीदा था। अगर चुनावी समीकरण की बात की जाए तो अमित पाठक पिछले छह माह से शतरंज की बिसात बिछाए हुए हैं। वह पूर्व प्रमुख श्रीवती यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए। अब 19 फरवरी को किसकी मात होती है, यह वक्त ही तय करेगा, लेकिन राजनीतिक गलियारे में अमित पाठक की काफी चर्चा है। ----------------
उप चुनाव :: बसपा के जिला सचिव भाजपा में शामिल
जासं, बदायूं : बसपा के जिला सचिव सुशील कुमार सिंह भाजपा में शामिल हो गए। उझानी ब्लॉक प्रमुख पद के उप चुनाव में क्षत्रिय महासंघ ने इन्हें अपना प्रत्याशी बनाने का दावा किया था। नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता के आवास राज्यमंत्री के अलावा जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय, शेखुपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य की मौजूदगी में उन्होंने समर्थकों के साथ भाजपा में आस्था व्यक्त करते हुए सदस्यता ली, जिनका माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव, हरिप्रताप सिंह राठौर एडवोकेट, धनपाल सिंह, रतन वीर सिंह, अखिलेश चौहान, सुरेश पाल सिंह, रतन सिंह आदि उपस्थित रहे। उधर, जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह लक्खा, अंबुज कुमार सिंह ने भी सपा छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सत्यवीर सिंह, धीरज सक्सेना, प्रदीप चौधरी, धर्मेंद्र कश्यप, शिवकुमार आदि मौजूद रहे।