शिक्षक-शिक्षिकाओं को किया सम्मानित
कलेक्ट्रेट परिसर में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया।
बदायूं : कलेक्ट्रेट परिसर में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शिक्षक दिवस के अगले दिन किसी कारणवश जिलाधिकारी ने समारोह स्थगित कर दिया था। विद्यालयों में बेहतर करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के तरीके बताए। साथ ही अपने विद्यालय को व्यवस्थित करने के सुझाव दिए। दर्जा राज्यमंत्री बीएल वर्मा, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, डीएम दिनेश कुमार ने प्रमाण पत्र वितरित करते हुए बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने और अपने खुद के सहयोग से विद्यालय की दशा सुधारने को कहा। अतिथि पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक ने उदाहरण देकर हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने को कहा।
शिक्षक मयंक गुप्ता ने उनके विद्यालय में चल रही शतप्रतिशत उपस्थिति का कारण बताया। कहा कि किस प्रकार से अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थिति बढ़ा सकते हैं। बस बच्चों की रुचि के लिए कुछ अलग करने की जरूरत होती है। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका संगीता शर्मा ने अन्य को मात देते और नजीर बने अपने विद्यालय के शौचालय की विशेषता बताईं। साथी स्टाफ के सहयोग से ग्रामीणों को भी जागरूक करने का तरीका बताया। बच्चों के साथ मिलनसार होकर उन्हें शिक्षित किया जा सकता है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय गंगपुर पुख्ता के शिक्षक प्रवीण कुमार ने कटरी के विद्यालय की अव्यवस्थाएं दुरुस्त करने का तरीका बताया। डीआइओएस राम मूरत, बीईओ प्रवीण शुक्ल, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रकेश यादव, जूनियर शिक्षक संघ की अध्यक्ष सीमा यादव, संजीव शर्मा, उदयवीर ¨सह, सोनी गुप्ता, सुरेंद्र राठौर, संजय यादव, सुशील चौधरी, मनोज कुमार आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।