सूर्य सुखा रहे कंठ, लू पहुंचा रही अस्पताल
सूर्य की तपिश बढ़ती जा रही है। लू भी बेहाल करने लगी है।
बदायूं : सूर्य देव का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। आसमान से बरस रही आग बदन झुलसा रही है। लू के थपेड़े लोगों को बीमार कर अस्पताल पहुंचा रहे हैं। पारा लगातार चढ़ रहा है। फिलहाल में गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं।
सुबह से लेकर रात हो जाती है लेकिन आसमान में कहीं बादल नहीं दिखाई दे रहे हैं। सूरज की तपिश बढ़ती ही जा रही है। शहर से लेकर कस्बों और गांवों तक हर कोई गर्मी से बेहाल है। ताल-पोखरे सूखे पड़े हैं, पशु पक्षी भी प्यास से व्याकुल हो रहे हैं। गुरूवार को सुबह से ही गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया। धूप निकलने के साथ ही सूरज की तपिश बढ़ती गई। दोपहर में हालत यह रही कि घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। घर के भीतर भी पंखे से गर्म हवा निकल रही है। कूलर और एसी के पास ही थोड़ी राहत मिल पा रही है। महिलाएं, पुरूष, बच्चे धूप और लू से बचने के लिए घरों से बाहर मुंह ढककर निकल रहे हैं। इधर तेज गर्मी के चलते बीमारियों ने लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक चिकित्सकों के यहां मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है। जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। हाल फिलहाल में भीषण गर्मी से राहत मिलती नजर नही आ रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप