चांद का दीदार किया, पति के लिए मांगी लंबी उम्र
जिलेभर में गुरुवार को करवाचौथ का पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया।
फोटो 16 बीडीएन जागरण संवाददाता, बदायूं : जिलेभर में गुरुवार को करवाचौथ का पर्व श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं ने निर्जल व्रत रखकर शाम को चांद के दीदार के बाद अपने पति की पूजा कर दीर्घायु की कामना की। चांद निकलने के बाद जमकर आतिशबाजी की गई।
महिलाओं ने गुरुवार भोर में दही-जलेबी खाने के बाद उपवास शुरू कर दिया। ब्यूटीपार्लरों व बाजारों में पूरे दिन महिलाओं की भीड़ रही। कोई मेहंदी लगवाने पहुंची थीं तो कुछ महिलाएं सजने संवरने पहुंची। महिलाओं ने मिट्टी, पीतल व चांदी के करवा, कैलेंडर और पूजा की सींक आदि खरीदी। शाम को साज श्रृंगार के बाद लोग बेसब्री से चांद का इंतजार करने लगे। रात को चांद दिखा तो छलनी में दिया रखकर पहले उसमें चांद को देखा, जबकि बाद में पति का चेहरा देखकर दीर्घायु की कामना की। इससे पहले घरों में पूजा-अर्चना और करवाचौथ की कहानी भी कही गई।
गांधीग्राउंड में जुटी भीड़
चंद्रदर्शन के लिए तमाम लोग शहर के गांधीपार्क भी पहुंचे। यहां चंद्रदर्शन और पूजा के बाद महिलाओं और पुरुषों ने मेले का आनंद भी लिया। बच्चों ने भी झूलों की सैर की। साथ ही खरीददारी भी की गई। वहीं तमाम परिवार रेस्टोरेंट और होटलों में भोजन करने पहुंचे।
संसू, सिलहरी : शहीद सरदार भगत सिंह जू.हाई स्कूल फकीराबाद में मेला आयोजित हुआ। जिसमें जिला पंचायत सदस्य राजवती वर्मा ने हसनपुर, अर्सिस, सिगरौरा, भटौली, अहिरूईया, डूबैरा आदि गांवों से आई व्रत रखने वाली 251 सुहागिन महिलाओं का सम्मानित किया। इस मौके पर प्रभाशंकर वर्मा, कवि डॉ.संगीता राज, राजरानी लोधी, अलीगढ़, प्रमोद वर्मा, नेत्रपाल प्रधान, पूरन लाल आदि मौजूद रहे।