अब भी नहीं संभल रहे लोग, बाजारों में उमड़ रही भीड़
कोरोना संक्रमण बेकाबू हो चुका है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। वायरस की चेन तोड़ने के लिए दो दिन की साप्ताहिक बंदी करनी पड़ रही है। फिर भी बाजार में लोग नहीं संभल रहे हैं। दो दिन बाद बाजार खुला तो फिर भीड़ उमड़ पड़ी।
जेएनएन, बदायूं : कोरोना संक्रमण बेकाबू हो चुका है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। वायरस की चेन तोड़ने के लिए दो दिन की साप्ताहिक बंदी करनी पड़ रही है। फिर भी बाजार में लोग नहीं संभल रहे हैं। दो दिन बाद बाजार खुला तो फिर भीड़ उमड़ पड़ी। जुर्माने के डर से भले ही लोग मास्क लगा रहे हैं। लेकिन, शारीरिक दूरी का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। सरकारी दफ्तरों में गाइडलाइन का पालन होता दिखाई दिया।
सहालग के साथ रमजान का महीना चल रहा है। 59 घंटे के कोरोना कर्फ्यू में दो दिन बाजार बंद रहे। सोमवार को बाजार खुला तो भीड़ बढ़ती चली गई। सुबह 11 बजे तक तो हालात सामान्य रहे। लेकिन, फिर गर्मी में भी बाजारों में जाम जैसे हालात बन गए। छह सड़का से लेकर घंटाघर, चूना मंडी, बड़ा बाजार, खैराती चौक समेत सभी बाजारों में भीड़ रही। बाजार में अधिकांश लोगों के चेहरे पर मास्क थे। लेकिन, शारीरिक दूरी का कहीं पालन नहीं किया जा रहा था। दुकानदार भी मास्क लगाए तो दिखे, लेकिन ग्राहकों की भीड़ बढ़ने पर संक्रमण से बचाव के लिए जारी गाइडलाइन की धज्जियां उड़ रही थीं। पुलिस कहीं टोकाटाकी करती नहीं दिखाई पड़ी। यह हाल तब है जब शहर के अधिकांश मुहल्लों में कोरोना पाजिटिव हैं। लगातार मरीजों की मौत भी हो रही है। बचाव के लिए वैक्सीनेशन जरूर हो रहा है। लेकिन, अभी तक कोई उपचार नहीं मिल सका है। सरकारी दफ्तरों में स्थिति सामान्य रही। डीएम दीपा रंजन, एडीएम प्रशासन ऋतु पूनिया, नगर मजिस्ट्रेट अमित कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश कुमार शर्मा के संक्रमित होने से कलक्ट्रेट में भीड़ नहीं दिखी। एसपी सिटी प्रवीण सिंह चौहान के संक्रमित होने से एसएसपी कार्यालय में भी एहतियात बरती जा रही थी। इनसेट ::
खरीदारी के लिए भूले शारीरिक दूरी
बढ़ते कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए गाइड लाइन के पालन के निर्देश शासन ने दिए हैं। इसमें मास्क और शारीरिक दूरी का पालन नियम अहम है। लेकिन, लोग शारीरिक दूरी के नियम का माखौल उड़ाते दिखे। दुकानों या ठेले लोग एक दूसरे से चिपककर सामान की खरीददारी करते दिखे। वहीं, दुकानदार भी बिना मास्क सामान की बिक्री नहीं करने के निर्देश की अनदेखी करते दिखाई दिए। वर्जन ::
बढ़ते कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क की अनिवार्यता का पालन करा रहे हैं। लोगों को जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने को प्रेरित किया जा रहा है। निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
- संकल्प शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक