बदला कामकाज का तरीका, बरत रहे सावधानी
जेएनएन बदायूं वैश्विक कोरोना महामारी से निपटने में अहम जिम्मेदारी स्वास्थ्य कर्मियों पुलिस वि
जेएनएन, बदायूं : वैश्विक कोरोना महामारी से निपटने में अहम जिम्मेदारी स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस विभाग व सफाई कर्मचारियों की रही। लॉकडाउन में काम करने के दौरान कई चुनौतियों के बीच पुलिस समेत अन्य विभागों ने अपनी कार्यप्रणाली में व्यापक बदलाव किया। सभी जगह संक्रमण से बचाव को सक्रियता बढ़ी है। सफाई, सैनिटाइजेशन और मास्क के उपयोग पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। फरियादियों को अफसरों के सामने पेश करते समय भी सावधानी बरती जा रही है। दूर से अपनी बात कहने के लिए समझाकर अधिकारियों के पास भेजा जा रहा है।
कलेक्ट्रेट में डीएम कुमार प्रशांत ने कार्यालय और परिसर को सुबह सैनिटाइज कराने की व्यवस्था कराई है। उसके बाद ही कामकाज शुरू किया जा रहा है। फरियादियों के आने पर उन्हें दूर बैठाया जा रहा है और एक-एक करके उन्हें पेश किया जा रहा है। बिना मास्क या रूमाल से मुंह ढ़के कोई पहुंच रहा है तो उसे कैंपस से बाहर कर दिया जा रहा है। कार्यालय का स्टाफ पहले ही उन्हें नसीहत दे देते हैं कि दूर से खड़े होकर अपनी बात कहना। सैनिटाइजर और मास्क का उपयोग सभी अधिकारी और कर्मचारी कर रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी नियमित सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। फरियादियों के आने पर उन्हें प्रतीक्षालय में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए बैठाया जा रहा है। एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने अपने टेबल के आगे गमले रखवा दिए हैं ताकि फरियादी और स्टाफ शारीरिक दूरी बनाकर अपनी बात कह सकें। विकास भवन में थर्मल स्क्रीनिग और सैनिटाइजर मशीन
मुख्य विकास अधिकारी निशा अनंत ने विकास भवन में मुख्य गेट पर थर्मल स्क्रीनिग और सैनिटाइजर की व्यवस्था कराई है। मास्क सभी के लिए अनिवार्य किया गया है। हर अधिकारी-कर्मचारी के कक्ष में सैनिटाइजर रखवाया गया है। एहतियात के तौर पर एक मेडिकल कक्ष भी बनवाया गया है। किसी की तबीयत खराब होने पर उसे उसमें रखने की व्यवस्था की गई है। जरूरी दवाएं भी रखवाई गई हैं। वाट्सएप पर शेयर की जा रही सूचनाएं
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी कार्रवाई और विभागीय गतिविधियों की सूचनाएं वाट्सएप ग्रुप में शेयर कर जानकारी मुहैया करा रहे हैं। अधिकारी तमाम ग्रुपों में वीडियो के माध्यम से अपनी बात रख रहे हैं। जिलाधिकारी भी प्रशासनिक ग्रुप में सूचनाएं साझा कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि समय पर लोगों को सही सूचना मिल जाए और किसी को परेशान न होना पड़े इसलिए ऐसा किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है, इसलिए बचाव के हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं। कार्यालय और परिसर को नियमित सैनिटाइज कराने के साथ मास्क अनिवार्य किया गया है। सभी कार्यालयों में सैनिटाइजर का उपयोग किया जा रहा है।
- कुमार प्रशांत, जिलाधिकारी
संक्रमण कहां से फैल सकता है इसके बारे में किसी को कुछ नहीं पता। इसलिए एहतियात बरती जा रही है। कार्यालय समेत सभी थानों में मास्क, सैनिटाइजर और शारीरिक दूरी का खयाल रखा जा रहा है, ताकि संक्रमण से बचा जा सके।
- अशोक कुमार त्रिपाठी, एसएसपी