प्रेरणा एप पर छुट्टी मंजूर नहीं तो स्वत: कटेगी तनख्वाह
बेसिक शिक्षा विभाग में सभी व्यवस्थाओं को आनलाइन कर दिया है। प्रेरणा एप पर अगर छुट्टी मंजूर नहीं हुई तो अपने आप तनख्वाह कटेगी। इसलिए सभी शिक्षकों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। जागरण प्रश्न पहर में यह जानकारी देते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामपाल सिंह राजपूत ने बताया कि प्रेरणा पार्टल पर कुछ और बिदुओं को जोड़ा है।
जेएनएन, बदायूं : बेसिक शिक्षा विभाग में सभी व्यवस्थाओं को आनलाइन कर दिया है। प्रेरणा एप पर अगर छुट्टी मंजूर नहीं हुई तो अपने आप तनख्वाह कटेगी। इसलिए सभी शिक्षकों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। जागरण प्रश्न पहर में यह जानकारी देते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामपाल सिंह राजपूत ने बताया कि प्रेरणा पार्टल पर कुछ और बिदुओं को जोड़ा है। विद्यालय से अनुपस्थित रहने या समय से न जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आनलाइन अवकाश लेकर अवकाश पर रहने पर निरीक्षण में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। सभी परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बनवाने की प्रक्रिया शुरू कराई है। सरकारी योजनाओं का पालन अनिवार्य रूप से पालन न करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई होगी। शिक्षकों को सुधारने के लिए कार्रवाई की जाती है। अपने कर्तव्य का निर्वहन करें तो किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। सवाल : ब्लाक उसहैत के एक परिषदीय विद्यालय में एक जाति विशेष के बच्चों की खाने की थाली अलग रखी हैं। उन पर उनका नाम भी लिखा है।
- गौरव बाबू, कल्याण नगर उझानी
जवाब : किसी भी विद्यालय में जातिवाद के लिए कोई जगह नहीं है। विद्यालय की जांच की जाएगी। दोषी होने पर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सवाल : निरीक्षण में तीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में फर्नीचर की गुणवत्ता मानक के अनुसार नहीं मिली। विभाग ने फर्म को चेतावनी दी। लेकिन, कार्रवाई नहीं की।
- राकेश सिंह, बदायूं
जवाब : संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया। साथ ही गुणवत्ता मानक के अनुसार करने को तीन दिन का समय दिया है। उसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी। सवाल : प्राथमिक विद्यालय का रखरखाव कैसा होना चाहिए। बहुत से विद्यालयों में काम नहीं कराया गया है। - ऋषिपाल, अंबियापुर
जवाब : कायाकल्प में परिषदीय विद्यालयों की स्थिति सुधारी गई है और सुधारी भी जा रही है। जरूरी चीजों के प्रधानाध्यापक अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। सवाल : विद्यालय में चाहरदीवार की परेशानी है। आए दिन गांव के कुछ लोग विद्यालय परिसर में अड्डा बना लेते हैं। जिससे गंदगी भी रहती है। - शिवम शर्मा, दातागंज
जवाब : विद्यालयों में चाहरदीवारी ग्राम प्रधान के स्तर से बनाई जानी है। अब वह जिम्मेदारी बीडीओ, एडीओ को दी गई है। उनके स्तर से ही काम किया जाएगा। सवाल : विद्यालय में अवकाश का प्रार्थना पत्र रखने को भी अधिकारी अपने निरीक्षण में अनुपस्थित दिखाते हैं और वेतन काटने की कार्रवाई की जाती है।
- मुनेंद्र सिंह
जवाब : प्रार्थना पत्र देने से अवकाश नहीं मिलेगा। अवकाश के लिए आनलाइन आवेदन करना जरूरी कर दिया है। अगर आनलाइन आवेदन होगा तो अफसरों को जानकारी हो जाएगी। प्रश्न : एक मार्च से प्राथमिक विद्यालयों में कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। इसके लिए विभागीय नए निर्देश क्या हैं।
- जितेंद्र सिंह, उसावां
जवाब : प्राथमिक विद्यालय खुलने पर समय-सारिणी के अनुसार ही कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। बीईओ से प्रधानाध्यापकों को अवगत कराया है। प्रश्न : विभाग के अनुसार सभी बच्चों को यूनिफार्म व स्वेटर का वितरण करा दिया है। लेकिन, ब्लाक संसाधन केंद्र पर अक्सर ही यह सभी चीजें रखे होने की जानकारी मिलती है।
- विक्रम सिंह, कुंवरगांव
जवाब : विभाग से योजनाओं का शतप्रतिशत क्रियांवयन किया जा रहा है। बच्चों को यूनिफार्म व स्वेटर से लाभांवित किया जा चुका है। ब्लाक संसाधन केंद्रों से वितरण की स्थिति की जानकारी की जाएगी।