बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को पहुंचाए सुरक्षित जगह
क्षेत्रीय विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर जिम्मेदारों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया जाए और जिन लोगों के मकान बाढ़ में चले गए हैं उनको पट्टे की जमीन पर सरकारी आवास आवंटित कराए जाएं।
जेएनएन, उसहैत (बदायूं): क्षेत्रीय विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर जिम्मेदारों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया जाए और जिन लोगों के मकान बाढ़ में चले गए हैं उनको पट्टे की जमीन पर सरकारी आवास आवंटित कराए जाएं।
गुरुवार को विधायक दातागंज तहसील के गांव असमया रफतपुर में एसडीएम कुंवर बहादुर सिंह के साथ पहुंचे। उन्होंने कटान की स्थिति देखी और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण जिन लोगों के मकान बह गए है उनको जमीन का पट्टे के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलवाने की घोषणा की। साथ ही प्रभावित लोगों को उसहैत के स्कूल में रहने की व्यवस्था कराई गई है। इसके बाद विधायक गांव भुंडी में कटान के लिए बन रहे बांध का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिशासी अभियंता बाण खंड, नायब तहसीलदार आदि लोग मौजूद रहे।
इंसेट ..
कटान जारी, सैकड़ों बीघा धान की फसल चौपट
संसू, उसहैत : क्षेत्र में बाढ़ की वजह से कटान जारी है। अब तक कई गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है तो तमाम लोग इसमें तबाह हो चुके हैं। सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को हुआ है। कटरा सआदगंज इलाके में बाढ़ की चपेट में आने से सैकड़ों बीघा धान की फसल नष्ट हुई है।
इंसेट..
एसडीएम और सीओ ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
संस, सहसवान : एसडीएम लाल बहादुर सिंह, सीओ रामकरन ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित इलाके में रहने वाले लोगों का हालचाल लिया। इस दौरान उनको सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की भी तैयारी की गई।