दुष्कर्म पीड़िता ने की खुदकशी
- जेल से जमानत पर आए आरोपी से बात करने पर मां ने लगाई थी फटकार - आरोपी ने दिया था ि
- जेल से जमानत पर आए आरोपी से बात करने पर मां ने लगाई थी फटकार
- आरोपी ने दिया था किशोरी को मोबाइल, लंबे समय से चल रही थी दोनों में बातें
संवाद सूत्र, कादरचौक : थाना क्षेत्र में कथित दुष्कर्म पीड़िता ने फंदे पर झूलकर खुदकशी कर ली। दुष्कर्म के आरोप में जेल गए आरोपी के जमानत पर आने के बाद वह फोन पर उससे बात करती थी। इसकी जानकारी होने पर पीड़िता की मां ने फटकार लगाई तो वह घर के पास में ही फंदे पर झूल गई। घटना की जानकारी होते ही दुष्कर्म में आरोपी रहा मृतका का कथित प्रेमी फरार हो गया। पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।
करीब एक साल पहले 14 वर्षीय किशोरी के परिजनों ने गांव के ही 15 वर्षीय किशोर पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। किशोरी की मां का कहना था कि उसकी बेटी दुकान पर सामान लेने जा रही थी तभी आरोपी ने उसको दबोच लिया और एक घर में जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में हाजिर किया, जहां से बाल सुधार गृह बरेली भेज दिया गया। करीब छह महीने पहले आरोपी जमानत पर रिहा होकर आया और गांव पहुंचने के बाद उसने कथित पीड़िता किशोरी से बात शुरू कर दी। गांव वालों के मुताबिक दोनों के पहले भी संबंध थे, जिसे देख लेने पर किशोरी के परिजनों ने दबाव बनाकर किशोर पर मुकदमा दर्ज कराया था। फिलहाल जमानत पर आने के बाद जब उन दोनों के बात करने का सिलसिला शुरू हुआ तो मुकदमे से भयभीत किशोर के परिजनों ने उसे दिल्ली भेज दिया। वह दिल्ली में मेहनत मजदूरी करने लगा। रक्षाबंधन से एक दिन पहले वह गांव लौटा और उसने पीड़िता को बात करने के लिए मोबाइल दे दिया। आरोप है कि वह चोरी-छिपे उससे बात करती थी। मंगलवार को दोपहर के वक्त किशोरी के भाई ने उसको मोबाइल पर बात करते पकड़ लिया। उसने यह बात अपनी मां को बताई तो मां ने उसकी पिटाई लगा दी। इससे खफा किशोरी रात के वक्त घर के पीछे जामुन के पेड़ के पास पहुंची और फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। देर रात लोगों ने उसका शव फंदे पर लटका देखा तो सभी हैरत में पड़ गए।
वर्जन ..
किशोर और किशोरी के बीच प्रेम-संबंध थे। दोनों को करीब एक साल पहले परिजनों ने बात करते हुए पकड़ लिया था। तब गांव में पंचायत चली, लेकिन नतीजा हल न होने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। वह जमानत पर आया तो फिर से दोनों में बात होने लगी। इसी बात पर किशोरी की मां ने उसको डांट दिया, जिससे तंग आकर उसने फांसी लगा ली। फिलहाल परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने को कहा है।
- अश्विनी कुमार, कार्यवाहक एसओ