टिकरा बछेली में खुली सरस हाट
उत्तर प्रदेश सरकार छोटे उद्योगों को बढावा दे रही है। बुधवार को शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने जिलाधिकारी कुमार प्रशांत के साथ उसावां ब्लॉक के ग्राम टिकरा बछेली में सरस हाट का लोकार्पण किया।
जेएनएन, बदायूं : उत्तर प्रदेश सरकार छोटे उद्योगों को बढावा दे रही है। बुधवार को शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने जिलाधिकारी कुमार प्रशांत के साथ उसावां ब्लॉक के ग्राम टिकरा बछेली में सरस हाट का लोकार्पण किया। यहां राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने 20 दुकानें खोली हैं।
विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वरोजगार अपनाकर आत्म निर्भर बने। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं दुकानों को नियमित रूप से खोलें, जिससे रोजगार की आय बढ़े। उनका भविष्य उज्जवल बन सके। महिला सशक्तिकरण का यह अभियान सीमित नहीं रहना चाहिए। हर गांव में ऐसी जनजागृति हो कि हर परिवार की महिला सशक्त बनें।
डीएम ने कहा कि जनपद का यह पांचवां सरस हाट है। केंद्र व राज्य सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है। सरस आजीविका मेला ग्रामीण महिला उत्पादकों को प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने का प्रयास है। ताकि ग्रामीण महिला उत्पादक बिना किसी बिचौलिया के अपने उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त कर सकें। उन्होंने ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि दूर हटकर लगने वाले बाजार को भी इसके परिसर में लगवाना सुनिश्चित करें। इससे भी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को लाभ होगा। अधिक से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाएं। जरूरत होने पर प्रशिक्षण भी कराया जाएगा। इस अवसर पर जिला विकास अधिकरी व उपायुक्त एनआरएलएम चंद्रशेखर एवं खंड विकास अधिकारी बीपी सिंह भी मौजूद रहे।