Move to Jagran APP

आसिफ उर्फ राजकुमार से प्रेम विवाह करने वाली नेहा की हत्या

खुद को राजकुमार बताने वाले आसिफ से प्रेम विवाह करने वाली नेहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह बाइक से पति के साथ बदायूं से शेखूपुर जा रही थीं। रास्ते में उन्हें गोली मार दी गई।

By JagranEdited By: Published: Sat, 26 Sep 2020 01:12 AM (IST)Updated: Sat, 26 Sep 2020 05:01 AM (IST)
आसिफ उर्फ राजकुमार से प्रेम विवाह करने वाली नेहा की हत्या
आसिफ उर्फ राजकुमार से प्रेम विवाह करने वाली नेहा की हत्या

जेएनएन, बदायूं : खुद को राजकुमार बताने वाले आसिफ से प्रेम विवाह करने वाली नेहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह बाइक से पति के साथ बदायूं से शेखूपुर जा रही थीं। रास्ते में उन्हें गोली मार दी गई। घटना के बाद आसिफ खुद ही उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। शक के आधार पर पुलिस आसिफ व नेहा के दो तहेरे भाइयों से पूछताछ कर रही है।

loksabha election banner

मुहल्ला लोटनपुरा निवासी नेहा करीब डेढ़ साल पहले उत्तराखंड के रुद्रपुर में रहने वाले अपने रिश्तेदार के यहां गई थीं। वहां से लापता हो गई। बाद में पता चला कि वह शेखूपुर निवासी आसिफ के साथ चली गई हैं। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह आसिफ के साथ बाइक से बदायूं से शेखूपुर जा रही थीं। मीरा सराय गांव के पास पहुंची थीं, तभी उन्हें गोली मार दी गई। गांव वालों ने आवाज सुनी तो दौड़कर वहां पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, नेहा के सिर में गोली लगी थी। आसिफ उन्हें उठा रहा था। उसने बताया कि दो बाइक पर पीछे से आए लोग गोली मारकर फरार हो गए। वहां से वह नेहा को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा, इसके बाद पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर सिविल लाइंस थाना प्रभारी सुधाकर पांडेय पहुंचे, जिन्हें डॉक्टरों ने बताया कि नेहा की मौत हो चुकी है। इसके बाद पुलिस उसे लेकर घटनास्थल पर पहुंची। वहां ग्रामीणों ने नेहा को घायल देखने की बात तो कही, मगर गोली कौन मार गया, इस बाबत किसी को कुछ नहीं पता। बाद में थाने में आसिफ ने पुलिस को बताया कि उसने नेहा से निकाह कर लिया था। उसके शक जताने पर पुलिस युवती के तहेरे भाइयों के घर पहुंची। वे खाना खा रहे थे। दोनों को थाने लाया गया। वहां सभी से पूछताछ की गई।

डेढ़ साल पहले किया था निकाह

आसिफ नेहा के मोहल्ला लोटनपुरा में अक्सर आता था। नेहा अपने ताऊ के घर में रहती थी। करीब ढाई साल पहले दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। उस वक्त आसिफ अपना नाम राजकुमार बताता था। करीब डेढ़ साल पहले जब नेहा उत्तराखंड गई, तो आसिफ भी पहुंच गया। वहीं से दोनों फरार हो गए थे। कुछ दिन बाद उसने नेहा से अपने घर चलने को कहा। तब तक उसने बताया था कि वह मीरा सराय गांव में रहता है। बाद में जब वापस लाया तो शेखूपुर पहुंचा। बताया जाता है कि उसी दौरान नेहा को उसकी हकीकत पता चली थी कि वह राजकुमार नहीं, बल्कि आसिफ है। हालांकि तब तक देर हो चुकी थी। ताऊ के घर लौटने का रास्ता नहीं था, इसलिए आसिफ के साथ ही रहने लगी।

वर्जन ..

युवती ने प्रेम विवाह किया था। उसके पति व दो तहेरे भाइयों से पूछताछ की जा रही है।

- सुधाकर पांडेय, थाना प्रभारी, सिविल लाइंस


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.