राहुल गांधी की रैली को लेकर कडे़ इंतजाम
राहुल गांधी की चुनावी सभा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
म्याऊं : लोकसभा चुनाव में प्रचार अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को म्याऊं आ रहे हैं। उनकी रैली के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी इस चुनावी जनसभा को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं।
वैसे, आयोजन स्थल आंवला लोकसभा क्षेत्र की सीमा में है, लेकिन बदायूं के प्रत्याशी के लिए भी समर्थन जुटाएंगे। दो लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के आने से भीड़ अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की चुनावी रैली की तैयारी पूरी कर ली गई है। सुरक्षा के लिहाज से एसपीजी व लोकल पुलिस पहले से ही चौकसी बरत रही है। सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है ताकि परिदा भी पर न मार सके। कार्यक्रम स्थल के पास में ही हेलीपैड तैयार किया गया है। बुधवार को हेलीकॉप्टर उतारने का ट्रायल भी किया गया। टेंट तैयार हो चुका है, बैरीकेडिग अभी चल रही है। रात में ही तैयारी पूरी हो जाने की उम्मीद है। एडिशनल एसपी समेत कई सीओ यहां की सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ओमकार सिंह, शैलेश पाठक समेत पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी की चुनावी रैली का दोनों लोकसभा क्षेत्रों के चुनावी गणित पर प्रभाव पड़ सकता है।
----------------