सीडीओ ने खेड़ा जलालपुर का किया निरीक्षण
मुख्य विकास अधिकारी निशा अनंत ने ब्लॉक क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत खेड़ा जलालपुर पुख्ता में शासकीय सेवाओं की हकीकत देखी।
संसू, उसावां : मुख्य विकास अधिकारी निशा अनंत ने ब्लॉक क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत खेड़ा जलालपुर पुख्ता में शासकीय सेवाओं की हकीकत देखी। उन्होंने नवनिर्मित ओवर हैड टैंक से वाटर सप्लाई की स्थिति का जायजा लिया। पाइपलाइन की टोंटियों से लीकेज रोकने के निर्देश दिए। जिससे ऊंचे पर बसे गांवों में भी सप्लाई पहुंच सके। इसके साथ ही उन्होंने खेड़ा जलालपुर स्थित गोशाला में पशुओं की स्थिति देखी। यहां उन्होंने पशुओं के खाद्य एवं पेय पदार्थों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण में भी कोई कोताही न बरतने को ताकीद की। सीडीओ अपराह्न एक बजे ब्लॉक के गांव खेड़ा जलालपुर में पहुंची। जानकारी होने पर बीडीओ बीपी सिंह भी ब्लॉक कर्मियों के साथ मौके पर आ गए। यहां मुख्य विकास अधिकारी ने सर्वप्रथम गांव की पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। ओवर हैड टैंक की आपूर्ति की स्थिति देखी। इसके बाद वह गोशाला पहुंच गईं। यहां उन्होंने पशुओं के रहने की व्यवस्थाएं देखीं। सचिव हरिओम सिंह से पशुओं की संख्या, चारा के स्टॉक, पेयजल व्यवस्था आदि की जानकारी ली। सफाई व्यवस्था पर और ध्यान देने के निर्देश दिए। इस मौके पर सहायक अभियंता मनोहर लाल, अवर अभियंता ब्रजेश प्रसाद और प्रधान पति महेश यादव उपस्थित रहे।