महाराष्ट्र-गुजरात से आए 1192 और प्रवासी
बसों से आज 1192 लोगों को यहां आश्रय स्थलों में लाकर उनकी जांच कराई गई बाद में उन्हें घर भेजकर होम क्वारंटाइन कराया गया।
जेएनएन, बदायूं : महाराष्ट्र, गुजरात समेत विभिन्न प्रांतों से प्रवासी कामगारों को यहां लाने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। बसों से आज 1192 लोगों को यहां आश्रय स्थलों में लाकर उनकी जांच कराई गई, बाद में उन्हें घर भेजकर होम क्वारंटाइन कराया गया।
विभिन्न प्रदेशों में फंसे प्रवासी कामगारों को विशेष ट्रेन चलाकर घर पहुंचाया जा रहा है। मुंबई, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, बिहार, दिल्ली, गोवा, बिहार, झारखंड से 1192 लोग बसों के माध्यम से यहां पहुंचे। द्रोपदी देवी इंटर कॉलेज आश्रय स्थल समेत सैदपुर आश्रय स्थलों पर उनकी थर्मल स्क्रीनिग और संदिग्धों की सैंपलिग कराई गई। अब तक जिले में 18804 प्रवासियों को यहां लाकर उनके घर पहुंचाया जा चुका है। 854 बसों का उपयोग प्रवासियों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। जिलाधिकारी कुमार प्रशांत ने बताया कि अब किसी प्रवासी को पैदल नहीं चलने दिया जा रहा है। अगर जिले की सीमा पर कोई प्रवासी मिल रहा है तो उसके घर तक बस से पहुंचाया जा रहा है।