जिले में चहुंओर हरियाली को 55 लाख नर्सरी तैयार
शासन के निर्देश पर वन विभाग जिले में चहुंओर हरियाली के लिए 55 लाख नर्सरी तैयार करने में जुटा है। विभाग को 70 लाख पौधे उगाने का लक्ष्य दिया गया था लेकिन इसमें से 55 लाख ही पौधे उगाए जा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : शासन के निर्देश पर वन विभाग जिले में चहुंओर हरियाली के लिए 55 लाख नर्सरी तैयार करने में जुटा है। हालांकि विभाग को 70 लाख पौधे उगाने का लक्ष्य दिया गया था लेकिन अभी 15 लाख पीछे चल रहा है। 24 नर्सरियों में उगाए गए पौधे लगभग तैयार होने को हैं। अब इनकी पैकिग भी शुरू हो गई।
शासन ने इस बार प्रदेश में 25 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य दिया है। इसमें आजमगढ़ को 44 लाख 21 हजार पौधारोपण करना है। वन महोत्सव में विभाग इतने पौधों को लगाने की रणनीति तैयार करने में जुटा है। इसमें सागौन, आम, शीशम, अर्जुन, नीम, जामुन, पीपल, पाकड़, कटहल, आवला, अमरूद, नीबू, सहजन, करौंदा आदि शामिल हैं। लगभग पौधे तैयार हो चुके हैं, अब इनकी पैकिग भी शुरू कर दी गई है। वन महोत्सव में एक जुलाई से पौधारोपण शुरू कर दिया जाएगा जो अगस्त तक चलेगा। हालांकि, यह कार्य अच्छे मानसून पर निर्भर करेगा। इसमें वन विभाग को 17 लाख व शेष अन्य विभागों को पौधारोपण का लक्ष्य दिया गया है। उद्यान विभाग, रेशम विभाग, ग्राम विकास, पंचायती राज, सहकारिता व कृषि विभाग के साथ ही 22 विभागों की भी पौधारोपण में भागीदारी रहेगी। डीएफओ अयोध्या प्रसाद ने कहा की पौधारोपण को बड़ा लक्ष्य मिला है इसलिए विभाग की ओर से 24 नर्सरियों में विभिन्न प्रजातियों के लक्ष्य से अधिक पौधे तैयार किए जा रहे हैं। इस बार वन महोत्सव में वन विभाग के साथ ही अन्य विभागों की भी सहभागिता रहेगी।