जयकारे के बीच विसर्जित की गईं लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं
जागरण टीम आजमगढ़ दीपावली के बाद भैया दूज के दिन लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं का देर रात तक
जागरण टीम, आजमगढ़ : दीपावली के बाद भैया दूज के दिन लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं का देर रात तक विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जमकर अबीर -गुलाल उड़ाए और गणेश-लक्ष्मी के जयकारे से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। विसर्जन के दौरान प्रतिमा के दर्शन के लिए लोग घरों के दरवाजों पर खड़े नजर आए।
अंबारी : डीजे की धुन पर डांस और अबीर-गुलाल उड़ाते, जयकारा लगाते हुए प्रतिमा का विसर्जन किया गया। प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर सुबह से ही भक्त डीजे की धुन पर थिरकते रहे। दोपहर में डीजे की धुन के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद निर्धारित स्थान पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया। भक्ति गीतों पर थिरकते हुए युवाओं ने अबीर-गुलाल उड़ाए। सरायमीर : क्षेत्र में दीपावली पर स्थापित लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं के विसर्जन शोभायात्रा में सुबह से ही श्रद्धालुओं ने डीजे के धुन पर डांस करते हुए जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए और जयकारा लगाते हुए प्रतिमा का विसर्जन किया। सुरक्षा की दृष्टि से सब इंस्पेक्टर आशुतोष मिश्रा, राम कृष्ण सिंह, श्याम सिंह यादव साथ चल रहे थे।
अजमतगढ़ : अजमतगढ़ सहित आसपास के इलाकों में स्थापित लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं का सोमवार को श्रद्धालुओं ने डीजे की धुन पर थिरकते और अबीर- गुलाल उड़ाते हुए विसर्जन किया। सब इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी, इमिलिया चौकी प्रभारी भगत सिंह पुलिस बल के साथ तैनात रहे। माहुल : शुक्रबाजार में स्थापित लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा का विसर्जन देर शाम गाजे-बाजे के साथ किया गया। जयकारे से पूरा वातावरण गूंज उठा।
मेंहनगर में डीजे के शोर को लेकर तनाव
जागरण संवाददाता, मेंहनगर (आजमगढ़) : क्षेत्र के देवइत बाजार में सोमवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में तनाव उत्पन्न हो गया। एक पक्ष के लोगों ने डीजे को तेज आवाज में बजाने की शिकायत मेंहनगर पुलिस से की। सूचना पर एसडीएम प्रियंका प्रियदर्शनी, सीओ लालगंज मनोज रघुबंशी, इंस्पेक्टर प्रशांत श्रीवास्तव सहित पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराने के साथ मंगई नदी स्थित राजघाट पर पर मूर्ति विसर्जन कराया।