गोबर के बदले सौंप दी सात बीघा जमीन
जागरण संवाददाता मेंहनगर (आजमगढ़) आदर्श नगर पंचायत में बने अस्थायी गो आश्रय स्थल में रखे 10
जागरण संवाददाता, मेंहनगर (आजमगढ़) : आदर्श नगर पंचायत में बने अस्थायी गो आश्रय स्थल में रखे 108 पशुओं के लिए अब हरे चारे का संकट नहीं रहेगा। गहुनी गांव के हेमंत राय ने सात बीघा भूमि देने पर सहमति जताई है। नगर पंचायत हरा चारा की बोआई कराएगा और भूमि के बदले पशुओं का गोबर भूमि स्वामी को दिया जाएगा। नगर पंचायत प्रशासन ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया है।
हुआ यह कि कुछ दिन पहले पशु चिकित्साधिकारी डा. जेपी सिंह से गहुनी के मूल निवासी व अपर कमिश्नर प्रशासन वाराणसी महेंद्र राय के छोटे भाई हेमंत राय एडवोकेट की मुलाकात हुई तो हरे चारे पर चर्चा हुई। चिकित्सक ने पशुओं की सेहत के लिए हरा चारा को महत्वपूर्ण बताया।
पशु चिकित्सक की बात सुनने के बाद हेमंत ने इस जरूरत को महसूस किया। सात बीघा जमीन देने का प्रस्ताव रखा। शर्त यह कि बदले में पशुओं का गोबर मिल जाए। चर्चा डा. जेपी सिंह ने चेयरमैन अशोक चौहान व अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्र से की तो उन्होंने कहा कि इसमें हर्ज ही क्या है। चेयरमैन ने कहा कि यह तो पुण्य का काम है। कम से कम 108 पशुओं को समुचित भोजन तो मिल जाएगा। उसके बाद जमीन की ट्रैक्टर से जोताई शुरू करा दी गई। कम पड़ा तो पास से देंगे धन: अशोक
मेंहनगर : नगर पंचायत चेयरमैन अशोक चौहान ने बताया कि वैसे तो चारा के लिए ईओ और पशु चिकित्सक के संयुक्त खाते में शासन धन भेजता है लेकिन खेती में अगर धन की कमी आड़े आएगी तो अपने पास से भी उपलब्ध कराएंगे, क्योंकि वैसे भी गोवंश की सेवा पुण्य का काम होता है।